
किसानों की फसल को हुए नुकसान का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता दी जाएगी-मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद सहारनपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। जनपद सहारनपुर पहुंचकर बाढ़ से उत्पन्न हालात का जायजा लिया।
सर्वप्रथम उन्होंने बाढ़ व जलभराव से प्रभावित स्थलों का हवाई निरीक्षण किया। उसके उपरान्त कस्बा सुल्तानपुर-चिलकाना के बाढ व जलभराव से प्रभावित स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने मंडी परिसर एवं जे0वी0 जैन डिग्री कॉलेज में बने बाढ़ राहत शिविर पहुंचकर वहां रह रहे लोगों से हाल-चाल जाना एवं मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस मौके पर उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री एवं सहायता राशि भी प्रदान की। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ पीडितों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ राहत शिविर में रह रहे लोगों से कहा कि उनकी संवेदना बाढ़ पीडितों तथा जल भराव से प्रभावित होने वाले लोगों के साथ है। प्रदेश सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ है।
आपदा से प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए सरकार हरसंभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।
किसानों की फसल को हुए नुकसान का सर्वे कराया जाएगा। नुकसान का आकलन कर, उसके अनुरूप शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होने निर्देश दिए कि नदी के कटान के कारण जहां-जहां नुकसान हुआ है, बरसात के बाद तत्काल उसको दुरुस्त करा दिया जाए, ताकि आने वाले समय में यमुना नदी में बाढ़ की किसी भी स्थिति में होने वाला नुकसान न्यूनतम हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ पीडितो व आपदा की चपेट में आए लोगों के लिए सरकार ने राहत शिविर लगाए हैं। जिन लोगों के घरों में पानी घुस गया है, उनको राहत शिविर में ले जाकर भोजन, शुद्ध पेयजल के साथ उनके स्वास्थ्य की देखभाल की जा रही है।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को आश्वस्त किया कि उन्हें किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी। जनप्रतिनिधिगण और प्रशासन साथ मिलकर बाढ़ पीड़ितों की सेवा में निरंतर कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री आपदा से शीघ्र राहत मिलने तथा जनपदवासियों के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने जे0वी0 जैन डिग्री कॉलेज में संचालित राहत शिविर में जनहानि से पीड़ित 02 परिवारों को 04-04 लाख रुपये का आपदा राहत चेक तथा 35 परिवारों को राहत साम्रगी की किट प्रदान की।
इस राहत सामग्री किट में 10 किग्रा0 आटा, 10 किग्रा0 चावल, 10 किग्रा0 आलू, 02 किग्रा0 अरहर दाल, 01 किग्रा0 नमक, हल्दी, मिर्च, धनिया व सब्जी मसाले, 01 लीटर रिफाइन्ड, 05 किग्रा0 लाई, 02 किग्रा0 भुना चना, 01 किग्रा0 गुड़, 10 पैकेट बिस्कुट, माचिस एवं मोमबत्तियों का पैकेट, नहाने का साबुन, 20 लीटर का जरीकेन और एक तिरपाल शामिल है।
उन्होंने बाढ़ राहत शिविर में बनी सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया। सामुदायिक रसोई में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतुष्टि व्यक्त की। शिविर में रह रहे बच्चों से बात करने के साथ ही उन्होंने बच्चों को चॉकलेट और बिस्कुट से भरे टिफिन बॉक्स भी दिए।
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।