विविध
मुख्यमंत्री Raman Singh ने अमित शाह और जेटली से मुलाकात की
नई दिल्ली । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की और प्रदेश में 2018 में आसन्न विधानसभा चुनाव के परिप्रेक्ष्य में विकास कार्यों एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। रमन सिंह ने कहा, ”नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी से मुलाकात की। इस दौरान उनसे राज्य के विकास कार्यों सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।’’
अमित शाह और रमन सिंह के बीच करीब 40 मिनट बैठक हुई। समझा जाता है कि इस बैठक के दौरान शाह ने 2018 के विधानसभा चुनाव के संदर्भ में कुछ अहम सुझाव दिये और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री रमन सिंह की भाजपा अध्यक्ष के साथ एक महीने के भीतर यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले रमन सिंह 11 अगस्त को शाह से मिले थे। पिछली बैठक प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से जुड़े जमीन मामले को लेकर विपक्ष के आरोपों के संदर्भ में थी। इसी दिन अग्रवाल ने भी शाह से मुलाकात की थी और अपने खिलाफ षड्यंत्र किये जाने की बात कही थी।
रमन सिंह ने आज वित्त मंत्री अरुण जेटली से भी मुलाकात की। सिंह ने ट्वीट किया, ”आज माननीय अरुण जेटली जी से शिष्टाचार मुलाकात की। उनके सानिध्य से मुझे हमेशा एक नई ऊर्जा व राज्य के विकास के लिए और अधिक तत्परता से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।’’ रमन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से आहुत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक में सोमवार को हिस्सा लिया था।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।