Bishkek में SCO Summit के दौरान S Jaishankar की बड़ी कूटनीति, China और Russia के साथ हुई अहम बैठक
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को किर्गिस्तान के बिश्केक में 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान कई देशों के अपने समकक्षों से मुलाकात की और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। शिखर सम्मेलन के दौरान, विदेश मंत्री ने चीन, रूस, ईरान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के अपने समकक्षों से मुलाकात की। चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ मुलाकात के बाद, जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट किया, आज बिश्केक में चीन के पोलित ब्यूरो सदस्य और विदेश मंत्री वांग यी से मिलकर अच्छा लगा। यह मुलाकात जुलाई में मनीला में जयशंकर और वांग के बीच आपसी संबंधों, सीमा पर स्थिरता और प्रमुख क्षेत्रीय व वैश्विक घटनाक्रमों पर हुई विस्तृत चर्चा के बाद हुई।
इसके अलावा, विदेश मंत्री ने समिट के दौरान रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची के साथ भी छोटी-सी बातचीत की। उन्होंने X पर लिखा, “SCO समिट 2026 के दौरान ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ संक्षिप्त बातचीत हुई।” इससे पहले पिछले हफ़्ते मॉस्को में जयशंकर और लावरोव के बीच द्विपक्षीय सहयोग, क्षेत्रीय हॉटस्पॉट, वैश्विक चुनौतियों और बहुपक्षीय मुद्दों पर व्यापक बातचीत हुई थी। साथ ही, मई में नई दिल्ली में जयशंकर ने अरागची से मुलाकात की थी, जिसमें पश्चिम एशिया और आपसी हित के द्विपक्षीय मामलों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया था। इसके अलावा, विदेश मंत्री ने बिश्केक में उज़्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियार सैदोव के साथ मुलाकात की एक तस्वीर भी पोस्ट की। दोनों नेताओं को गर्मजोशी से गले मिलते हुए देखा गया। उन्होंने पोस्ट किया, “आज बिश्केक में उज़्बेकिस्तान के विदेश मंत्री बख्तियार सैदोव से मिलकर अच्छा लगा।



