Andhra Pradesh Gas Leak : कोनसीमा में ONGC गैस कुएं से रिसाव, 800 लोगों सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
आंध्र प्रदेश के डॉ. बी.आर. अंबेडकर कोनसीमा जिले में मंगलवार सुबह उस वक्त भारी हड़कंप मच गया, जब गेड्डाडा गांव स्थित तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ONGC) के एक गैस कुएं से अचानक तेज गैस रिसाव शुरू हो गया। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुए इस रिसाव के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। किसी भी संभावित अनहोनी या बड़े हादसे को टालने के लिए जिला प्रशासन और ओएनजीसी की टीमों ने तत्काल मोर्चा संभाला और कुएं के एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लगभग 800 ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया।
पानी की बौछारों से गैस के दबाव को नियंत्रित करने में जुटीं टीमें
गैस रिसाव की सूचना मिलते ही ओएनजीसी के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञों की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। रिसाव की तीव्रता को कम करने और गैस को हवा में फैलकर आग पकड़ने से रोकने के लिए मौके पर लगातार पानी की बौछार (वाटर स्प्रे) की जा रही है। तकनीकी टीमें कुएं के वाल्व और दबाव को पूरी तरह नियंत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं, ताकि स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी, बिजली उपकरण और चूल्हे न जलाने की अपील
सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने पूरे प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और ग्रामीणों के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को सख्त सलाह दी है कि वे फिलहाल घरों में किसी भी प्रकार के बिजली के उपकरण चालू न करें और न ही खाना बनाने के लिए गैस चूल्हे या माचिस आदि का इस्तेमाल करें, क्योंकि हवा में घुली गैस की वजह से एक छोटी सी चिंगारी भी बड़े विस्फोट का कारण बन सकती है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।



