कर्नाटक के पूर्व CM के तेवर अक्रामक, नियुक्ति मामले में भाजपा आलाकमान पर दबाव बनाने का एलान
कर्नाटक में भाजपा को मिली करारी मात की टीस अभी भी खत्म नहीं हुई है। भाजपा में सबकुछ ठीक नहीं होने के संकेत देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कर्नाटक की भाजपा इकाई के प्रमुख की नियुक्ति के मुद्दे पर वह भाजपा आलाकमान पर दबाव बनाएंगे।
80 साल के कद्दावर नेता ने स्वीकार किया कि कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता और नए प्रदेश पार्टी अध्यक्ष के नाम की घोषणा में देरी हो रही है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा ने गुरुवार को कहा कि नियुक्तियां पार्टी आलाकमान को करनी है। वह दबाव बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। बता दें कि कर्नाटक में प्रमुख विपक्षी दल होने के बावजूद भाजपा ने अभी तक अपने विधायक दल के नेता की नियुक्ति नहीं की है।
ये भूमिका फिलहाल पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ही निभाएंगे। बता दें कि जुलाई में पिछला विधानसभा सत्र विपक्ष के नेता की उपस्थिति के बिना आयोजित किया गया था।
चुनाव और विधानसभा सत्र से पहले नियुक्ति के लिए दबाव
गौरतलब है कि भाजपा में येदियुरप्पा का कद काफी ऊंचा है। कर्नाटक के पूर्व सीएम होने के अलावा येदियुरप्पा भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य भी हैं। उन्होंने कहा, विपक्षी नेता की नियुक्ति में देरी हुई है, मैंने इसे जल्द से जल्द करने का अनुरोध किया है।
मैं विधानसभा सत्र (संभवतः दिसंबर में) से पहले जल्द से जल्द नियुक्ति करने के लिए दबाव बनाने के लिए हर संभव कोशिश करूंगा। उन्होंने कहा, कि प्रदेश अध्यक्ष पर भी हमारी मांग है कि नियुक्ति जल्द से जल्द होनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो. हम इसे जल्द से जल्द करने की कोशिश करेंगे.