Gurnoor Brar ने लंच से ठीक पहले चटकाया पहला टेस्ट विकेट, New Zealand 77/1
अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने लंच से ठीक पहले आखिरी गेंद पर सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे को आउट करके अपना पहला विकेट लिया, जिससे न्यूजीलैंड ने हैगली ओवल में दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच की पहले दिन लंच तक यहां एक विकेट पर 77 रन बनाए। बराड़ ने क्रीज से थोड़ा बाहर आकर गेंद फेंकी जो तेजी से कोण लेती हुई सीधे कॉनवे के पिछले पैर पर लगी और वह पगबाधा आउट हो गए। कॉनवे ने 79 गेंद पर 31 रन बनाए और चार चौके लगाए।
लंच के समय दूसरे छोर पर कप्तान टॉम लैथम 42 रन पर खेल रहे थे। इससे पहले जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया लेकिन अंशुल कंबोज में एक बार फिर से नई को बर्बाद किया। वह फिर से पूरी तरह प्रभावहीन दिखे।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एक बार फिर टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। लैथम को बुमराह के पहले ओवर में ही पगबाधा आउट दे दिया गया था लेकिन न्यूजीलैंड के कप्तान ने डीआरएस रिव्यू लेकर अपना विकेट बचा दिया। इसके बाद लैथम जब 29 रन पर खेल रहे थे तब आकाशदीप की गेंद पर दूसरी स्लिप में केएल राहुल ने उनका आसान कैच छोड़ दिया था।



