संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को दी बधाई, कहा- विकसित भारत का मार्गदर्शन करती है यह अनमोल धरोहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संविधान को लोकतंत्र की अनमोल धरोहर बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक श्लोक साझा करते हुए लिखा कि इस अवसर पर पूज्य बाबासाहेब और संविधान सभा की समस्त महान विभूतियों को उनका नमन एवं वंदन है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि संविधान के रूप में महापुरुषों द्वारा दी गई यह सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है, जो निरंतर ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में देश का मार्गदर्शन करती रहेगी।
नितिन गडकरी ने संविधान को बताया लोकतंत्र की आत्मा, डॉ. आंबेडकर को किया नमन
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों को भारतीय संविधान दिवस और राष्ट्रीय कानून दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है और इस अवसर पर देश को प्रगतिशील संविधान देने वाले भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा सभी देशभक्तों को वे नमन करते हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने संवैधानिक मूल्यों को जीवन में उतारने का दिलाया संकल्प
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए भारत के संविधान को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प का सशक्त आधार बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा रचित संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लें।



