सीट बंटवारे के विवाद पर चिराग ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को घेरा, कहा- जनता नकार रही है
लखनऊ : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर कथित मतभेदों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल एक-दूसरे को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं और जनता उन्हें बार-बार नकार रही है।
चौधरी चरण सिंह हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में पासवान ने कहा कि गठबंधन को लेकर औपचारिक सहमति बनने से पहले ही सीटों के बंटवारे पर मतभेद सामने आना दोनों दलों के बीच आपसी सम्मान और विश्वास की कमी को जाहिर करता है। उन्होंने कहा, ”जब किसी गठबंधन में इतनी बेचैनी और इतने मतभेद हों और कांग्रेस को समाजवादी पार्टी की ओर से 26 सीटें ही मिल रही हों, जबकि उसकी उम्मीद 180 से अधिक सीटों की हो तो यह न तो सम्मान को दर्शाता है और न ही स्वाभिमान को।



