सुशांत गोल्फ सिटी में सिलाई सीखने गई 14 वर्षीय किशोरी लापता, परिचित युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय किशोरी 22 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे नई बस्ती में सिलाई-कढ़ाई सीखने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
परिचित युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने विकास रावत उर्फ कन्हैया के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी रामगोपाल का पुत्र है और मूल रूप से बिहार के गया जिले के टनकुप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़ाचक गांव का निवासी है। पिता के अनुसार, विकास उनके ही गांव में अपने बहनोई हेमंत और बहन पिंकी के साथ रहता था तथा अमूल दूध की गाड़ी चलाता था। आरोप है कि इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर वह किशोरी को अपने साथ ले गया।
मुकदमा दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
पिता की शिकायत के आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



