भारत

केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक : PM मोदी की अध्यक्षता में मंत्रालयों के कामकाज का होगा हिसाब, भविष्य का रोडमैप भी होगा तैयार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलीपींस दौरे से लौटने के बाद बुधवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की अहम बैठक की अध्यक्षता करेंगे। राजधानी के भारत मंडपम में सुबह होने वाली इस बैठक में सरकार के अब तक के कामकाज की समीक्षा के साथ भविष्य की प्राथमिकताओं और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है। बैठक का मुख्य एजेंडा पिछली बैठकों में लिए गए फैसलों और मंत्रियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों की प्रगति का आकलन करना होगा।

केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री और स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री, प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में होने वाली केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक के लिए भारत मंडपम पहुंचे। प्रधानमंत्री विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज की समीक्षा करेंगे और यह जानेंगे कि तय लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में कितनी प्रगति हुई है। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं और नीतियों को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आगे की रणनीति भी तैयार की जाएगी।

कल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ पर जोर

केंद्रीय मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक सितंबर में ‘चिंतन शिविर’ के रूप में आयोजित हुई थी। इसमें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया था। मंत्रियों ने इस बात पर मंथन किया था कि सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत कवरेज कैसे सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। बैठक में योजनाओं के लाभ के साथ-साथ सरकार और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी चर्चा हुई थी। उद्देश्य था कि नागरिकों को न केवल सरकारी पहलों की जानकारी मिले, बल्कि उन्हें इन योजनाओं का वास्तविक लाभ भी आसानी से मिल सके।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर भी हुई थी चर्चा 

पिछली बैठकों में कई मंत्रालयों ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अपनी उपलब्धियों, पहलों और भविष्य की योजनाओं का खाका पेश किया था। ऐसे में बुधवार की बैठक में भी दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों और उन्हें हासिल करने के लिए मंत्रालयों की भूमिका पर चर्चा होने की संभावना है।

इस बार सिर्फ कैबिनेट मंत्री होंगे शामिल

इस बैठक की एक खास बात यह है कि इसमें केवल कैबिनेट मंत्रियों को शामिल किया गया है। इससे पहले मंत्रिपरिषद के बड़े समूह के साथ अलग-अलग स्तर पर विचार-विमर्श होता रहा है। इस बार कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक का उद्देश्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित चर्चा और फैसलों की समीक्षा करना है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले अपने कार्यालय में राज्य मंत्रियों और स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्रियों के साथ भी कई दौर की बैठकें कर चुके हैं। इस तरह मंत्रिपरिषद के अलग-अलग स्तरों पर चर्चा का सिलसिला पूरा होने के बाद अब कैबिनेट मंत्रियों के साथ मंथन हो रहा है। कुल मिलाकर, बुधवार की बैठक को सरकार के कामकाज की समीक्षा, योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में आगामी रणनीति तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777