मिशन 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, किसे मिलेगा टिकट, कौन होगा बाहर? नई टीम करेगी दावेदारों की निगरानी
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा के फरह क्षेत्र स्थित परखम में आयोजित पार्टी की दो दिवसीय योजना बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। बैठक में मिशन-2027 को लेकर संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और सरकार-संगठन के बीच बेहतर तालमेल सहित कई अहम मुद्दों पर व्यापक मंथन किया गया।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के चिंतक, विशेषज्ञ और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। करीब 55 प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी में आगामी विधानसभा चुनाव की चुनौतियों और उनसे निपटने की रणनीति पर चर्चा हुई।
टिकट वितरण से पहले बनेगी आलाकमान की नई टीम
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा संगठन में एक और महत्वपूर्ण बदलाव की तैयारी कर रही है। पार्टी की ओर से पहले ही क्षेत्रीय अध्यक्षों की तैनाती की जा चुकी है। अब आलाकमान की ओर से एक नई टीम गठित किए जाने की तैयारी है। चुनाव में इस टीम की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है। टिकट वितरण की प्रक्रिया में भी टीम की महत्वपूर्ण भागीदारी होगी।
यह टीम संगठन और संभावित प्रत्याशियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ विभिन्न स्तरों पर निगरानी करेगी। इसके अलावा जमीनी फीडबैक जुटाकर अपनी रिपोर्ट राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपेगी। माना जा रहा है कि इस कवायद के जरिए पार्टी चुनाव से पहले अपने संगठनात्मक ढांचे और प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को अधिक मजबूत बनाना चाहती है।
सरकार और संगठन के बीच तालमेल पर जोर
दो दिवसीय बैठक में राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश के स्थानीय नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। सरकार और संगठन के बीच तालमेल, जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने और जनता के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
पार्टी नेताओं ने चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन किया। बैठक में सामने आए सुझावों के आधार पर आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप देने पर विचार किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखी गई पहले दिन की रिपोर्ट
बैठक के पहले दिन हुए विचार-विमर्श और सुझावों की रिपोर्ट भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत की गई। दो दिनों तक चले मंथन के बाद पार्टी नेतृत्व ने रणनीतिक बिंदुओं को आगे की कार्ययोजना में शामिल करने पर चर्चा की। बैठक संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
अब भाजपा नेतृत्व बैठक में तय किए गए रणनीतिक बिंदुओं को जमीन पर उतारने की दिशा में आगे बढ़ेगा। पार्टी का पूरा फोकस 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित रूप देने पर है।



