दलितों के सम्मान से लेकर सीटों के बंटवारे तक, अखिलेश के बयान पर छिड़ी सियासी जंग
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पार्टी सांसद राजीव राय ने समर्थन जताते हुए कहा कि सम्मान तभी बचेगा, जब भाजपा चुनाव हारेगी और INDIA गठबंधन जीतेगा। वहीं, राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के नेता मलूक नागर ने अखिलेश के बयान को कांग्रेस के साथ संभावित सीट बंटवारे को लेकर बड़ा संकेत बताया है।
भाजपा की हार और INDIA गठबंधन की जीत में ही सम्मान: राजीव राय
सपा सांसद राजीव राय ने दिल्ली में अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने जो बात कही है, वह बिल्कुल सही है। सम्मान इस बात से तय नहीं होता कि कोई पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ती है या कितनी सीटें जीतती है। असली सम्मान तभी बचता है, जब चुनाव के नतीजे सकारात्मक हों। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराना और INDIA गठबंधन को जिताना ही प्राथमिकता होनी चाहिए।
‘दमदार दलित’ बयान पर भाजपा सरकार को घेरा
अखिलेश यादव के ‘दमदार दलित’ वाले बयान का समर्थन करते हुए राजीव राय ने उत्तर प्रदेश में दलितों के खिलाफ अपराध का मुद्दा उठाया। उन्होंने NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि दलितों के खिलाफ अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। राजीव राय ने आरोप लगाया कि जो सरकार दलितों के खिलाफ अपराधों पर नियंत्रण नहीं कर पा रही, बल्कि उनके खिलाफ अपराध करवा रही है, उससे मुक्ति पाना दलित समाज की प्राथमिकता है।
उन्होंने आगरा में आयोजित सपा की दलित रैली का जिक्र करते हुए कहा कि वहां उमड़े जनसैलाब से यह स्पष्ट है कि दलित समाज को अखिलेश यादव से उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि दलित समाज को विश्वास हो गया है कि यदि कोई उन्हें अंधकार से प्रकाश की ओर ले जा सकता है और सम्मान दिला सकता है तो वह अखिलेश यादव हैं।
मलूक नागर बोले- कांग्रेस को उम्मीद के मुताबिक नहीं मिलेंगी सीटें
दूसरी ओर, RLD नेता मलूक नागर ने अखिलेश यादव के बयान को सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का बयान बताता है कि समाजवादी पार्टी किसी भी कीमत पर समझौता करने के मूड में नहीं है। मलूक नागर ने कहा कि अखिलेश यादव का तर्क है कि पिछले चुनाव में जिस पार्टी ने जहां जीत दर्ज की थी, उसे वही सीटें मिलनी चाहिए। लेकिन कांग्रेस पिछली बार केवल दो सीटों पर जीती थी, जबकि अब वह 200 सीटें मांग रही है।
उन्होंने कांग्रेस और सपा के बीच बढ़ती बेचैनी का जिक्र करते हुए इमरान मसूद के बयान पर भी सवाल उठाए। मलूक नागर ने कहा कि कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने जब यह कहा था कि अखिलेश यादव कांग्रेस के समर्थन के बिना सरकार में नहीं आ सकते, तो कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें अध्यक्ष बना दिया। ऐसे में अखिलेश यादव इस बयान को कैसे भूल सकते हैं? मलूक नागर ने दावा किया कि कांग्रेस को जितनी सीटों की उम्मीद है, उतनी किसी भी कीमत पर मिलने वाली नहीं हैं। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव का ताजा बयान इसी बात को स्पष्ट करता है।



