साइबर संवाद

यूपी में SIR पर घमासान : CM योगी के बयान पर अखिलेश का पलटवार, अमित शाह पर कांग्रेस का निशाना

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने की मांग को लेकर विपक्ष पहले से ही हमलावर है। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान ने इस विवाद को और हवा दे दी है। सीएम योगी ने दावा किया है कि वोटर लिस्ट से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कट गए हैं। उनके इस बयान के बाद विपक्ष ने बीजेपी पर सवालों की बौछार कर दी है।

योगी के बयान से बढ़ी सियासी हलचल, अखिलेश ने पूछे सवाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावे को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पद पर बैठे व्यक्ति को कैसे पता चल गया कि इतने हिंदू मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं? अखिलेश ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान समाज में डर फैलाने और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश हैं।

उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष की ओर से यह दावा किया जाए कि 90 प्रतिशत पीडीए मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं, तो बीजेपी इस पर सवाल खड़े करेगी। अखिलेश ने आरोप लगाया कि एसआईआर के बाद प्रदेश में जारी प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की जा रही हैं।

अखिलेश बोले- वोट बचाने की कोशिश में जुटे रहे पीडीए प्रहरी

अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीडीए प्रहरियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने अपने वोटों की रक्षा के लिए लगातार काम किया और समय-समय पर जानकारी साझा की। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी और उससे जुड़ी संस्थाओं के लोगों, चुनाव आयोग तथा उसकी तकनीकी सहायता टीम ने बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी अपने मतदाताओं के वोट बचाने में सफल रही है।

कांग्रेस ने अमित शाह पर साधा निशाना, पूछा- क्या हारना चाहते हैं?

एसआईआर को लेकर कांग्रेस ने भी बीजेपी और केंद्र सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष महीनों से देशभर में एसआईआर के दौरान वोट काटे जाने का मुद्दा उठा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि अगर बीजेपी के समर्थकों या उनके परिचितों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, तो उन्हें अमित शाह से पूछना चाहिए कि उनके नाम क्यों कटवाए जा रहे हैं? पवन खेड़ा ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या अमित शाह बीजेपी को हरवाना चाहते हैं?

बीजेपी का एक महीने का अभियान, छूटे हुए नाम जुड़वाने पर जोर

विपक्ष के लगातार हमलों के बीच बीजेपी भी एसआईआर को लेकर सक्रिय हो गई है। पार्टी ने बैठक में तय किया है कि मतदाता सूची में जिन पात्र लोगों के नाम छूट गए हैं, उन्हें दोबारा जुड़वाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि एसआईआर कोई नई प्रक्रिया नहीं है। यह लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और अब तक नौवीं बार इसे अपनाया जा रहा है। इसके लिए एक महीने का समय दिया गया है। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची तैयार करने का काम चुनाव आयोग का है, संगठन का नहीं। हालांकि, बीजेपी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से पार्टी एक महीने तक अभियान चलाएगी।

ब्रजेश पाठक बोले- घर-घर जाएंगे बीजेपी कार्यकर्ता

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी एसआईआर को लेकर पार्टी की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीजेपी की अहम बैठक में जिला अध्यक्ष भी शामिल होंगे। पार्टी कार्यकर्ता मतदाताओं के घर-घर जाकर उनसे संपर्क करेंगे और चुनाव आयोग की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मदद से लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने और पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक किया जाएगा।

पंचायत और निकाय चुनाव की वोटर लिस्ट में 3.38 करोड़ नाम कटने का दावा

दरअसल, उत्तर प्रदेश में एसआईआर के बाद मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पंचायत और निकाय चुनाव की मतदाता सूची से करीब 3 करोड़ 38 लाख मतदाताओं के नाम कटने की बात सामने आने के बाद राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

एक ओर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर बीजेपी तथा चुनाव आयोग पर हमलावर हैं, तो दूसरी ओर बीजेपी ने छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए संगठन को सक्रिय कर दिया है। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले वोटर लिस्ट का यह विवाद अब उत्तर प्रदेश की राजनीति का बड़ा मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777