फ्लैश न्यूज

मिशन 2027 : भाजपा का पूरा फोकस अब वोटर लिस्ट पर, योगी बोले- हर बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ें, केशव ने नाराज कार्यकर्ताओं को भी साधा

विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को चुनावी रणनीति का अहम हथियार बना लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने दूसरे काम छोड़कर अगले एक महीने तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने के अभियान में पूरी ताकत से जुटें। यह आखिरी मौका है, अभी मेहनत नहीं की तो बाद में पछताना पड़ेगा।

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पार्टी की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ हर पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज कराने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 में भाजपा कई विधानसभा सीटों पर महज 1500 से 2000 मतों के अंतर से जीती थी। ऐसे में मतदाता सूची के पुनरीक्षण में एक-एक नाम महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपनी विधानसभा और बूथ की स्थिति का आकलन कर घर-घर संपर्क करने को कहा। मुख्यमंत्री ने मेरठ में एक व्यक्ति के कई पहचान पत्र बनाए जाने का उल्लेख करते हुए मतदाता सूची में गड़बड़ियों पर सतर्क रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब पांच हजार फार्म-6 भरवाकर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने का लक्ष्य रखा जाए।

उन्होंने मतदाता सूची में महिलाओं के अनुपात में आई कमी का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक, पहले प्रति हजार पुरुष मतदाताओं पर 877 महिलाएं थीं, जो अब 834 रह गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं से जीन-जान लगाकर अधिकाधिक मतदाताओं को जोड़ने की अपील की।

नाराज कार्यकर्ताओं को केशव का संदेश

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं की नाराजगी को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि बहुत सी बातें उनकी भी समझ में नहीं आतीं और वह भी संतुष्ट नहीं हैं। लेकिन अभी सभी बातों को भूलकर मिशन-2027 की तैयारी में जुटने का समय है। उन्होंने कहा कि पार्टी को लगातार तीसरी बार सरकार बनानी है। मौर्य ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों के वोट आंकड़े सामने रखते हुए कहा कि 2017 में भाजपा को 3.44 करोड़ और सपा को 1.89 करोड़ वोट मिले थे। 2022 में भाजपा के वोट बढ़कर 3.80 करोड़ और सपा के 2.95 करोड़ हो गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मंथन करने को कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा का वोट सपा की ओर क्यों खिसका और उसे फिर भाजपा के पक्ष में कैसे लाया जाए।

हर बूथ पर नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य

सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि निर्वाचन आयोग 17 नवंबर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित करेगा। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इसी दौरान भाजपा मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी। प्रत्येक बूथ पर 100 मतदाता जोड़ने का लक्ष्य होना चाहिए, लेकिन कम से कम 50 नए मतदाता जोड़ना ही होगा।

भाजपा की वोट जोड़ने की रणनीति

पार्टी युवा मतदाताओं, विवाह के बाद दूसरे स्थान पर आई महिलाओं, पंचायत मतदाता सूची में शामिल लेकिन विधानसभा सूची से बाहर लोगों, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, राशन कार्ड धारकों और रोजगार के लिए बाहर रहने वाले लोगों पर विशेष ध्यान देगी। पंचायत सहायकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, स्वयं सहायता समूहों और बीसी सखियों की मदद ली जाएगी। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

दिल्ली बुलाए गए धर्मपाल, कार्यशाला छोड़कर रवाना

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को शुक्रवार को लखनऊ में चल रही पार्टी की प्रदेश स्तरीय एसआईआर कार्यशाला को बीच में छोड़कर दिल्ली रवाना हो गए। कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। धर्मपाल के अचानक दिल्ली जाने को संगठन स्तर पर अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777