फ्लैश न्यूज

आतिशबाजी पर सवाल उठाने वालों को CM योगी की दो टूक, कहा- प्रदूषण बढ़ा तो क्या हुआ, कम भी हो जाएगा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली के दौरान आतिशबाजी से प्रदूषण बढ़ने को लेकर जताई जा रही चिंताओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर दिवाली के कारण प्रदूषण बढ़ा भी है तो वह कम भी हो जाएगा। ऐसे में इसे लेकर जरूरत से ज्यादा चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के जरिये पूरी व्यवस्था को प्रदूषित करने वालों से कोई सवाल नहीं करता, लेकिन जब जनता आतिशबाजी के साथ त्योहार मनाती है तो प्रदूषण का मुद्दा उठा दिया जाता है।

दिवाली पर लोगों ने पूरे उत्साह से किया उत्सव

लखनऊ में बुधवार को आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों ने पूरे उत्साह के साथ दिवाली मनाई और खूब आतिशबाजी की। सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि त्योहार पर कोई पाबंदी नहीं लगाई जाएगी। लोगों को आतिशबाजी करने और उत्सव मनाने की छूट दी गई।

उन्होंने कहा, ”कुछ लोग कह रहे हैं कि दिवाली की वजह से प्रदूषण बढ़ गया है। अगर बढ़ भी गया है तो क्या हुआ? यह कम भी हो जाएगा। आप क्यों चिंतित हैं?” मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट आचरण से पूरी व्यवस्था को प्रदूषित किया है, उनसे कोई सवाल नहीं करता। लेकिन जनता एक दिन आतिशबाजी के साथ उत्सव मनाती है तो अचानक प्रदूषण मुद्दा बन जाता है।

अयोध्या के दीपोत्सव में खुद शामिल हुए मुख्यमंत्री

योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित आतिशबाजी समारोह में अपनी मौजूदगी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने समारोहों पर सवाल उठाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कुछ गलत होता है तो कोई कुछ नहीं बोलता, लेकिन जब लोग खुशी से त्योहार मनाते हैं तो उन्हें अचानक प्रदूषण की याद आ जाती है।

उन्होंने अयोध्या के भव्य दीपोत्सव के साथ गोवर्धन पूजा और भैया दूज पर आयोजित कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पूरे प्रदेश में त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जा रहे हैं।

2017 से पहले त्योहारों पर होते थे दंगे: योगी

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले के हालात का जिक्र करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि उस समय होली, दिवाली, विजयादशमी, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, क्रिसमस, ईद, गुरु पर्व और मकर संक्रांति जैसे त्योहारों के दौरान अक्सर सांप्रदायिक तनाव और दंगे होते थे।

उन्होंने कहा कि उस दौर में कर्फ्यू लगने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ता था। बाजार बंद रहने के कारण दुकानदारों का सामान तक खराब हो जाता था। योगी ने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में न तो कोई कर्फ्यू लगा है और न ही कोई दंगा हुआ है। प्रदेश में सभी त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे हैं।

60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा

मुख्यमंत्री ने भैया दूज पर राज्य सरकार की ओर से दी गई सुविधा का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777