भारत

एक नवंबर से हर रोज छह घंटे में कर सकेंगे रामनगरी के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन, UPSTDC ने शुरू किया खास टूर पैकेज

दीपोत्सव से पहले अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने छह घंटे में रामनगरी के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के लिए एक दिवसीय ””अयोध्या डिवाइन हेरिटेज ट्रेल”” टूर पैकेज शुरू किया है। एक नवंबर से शुरू होने वाली इस यात्रा में गाइड के साथ 14 कोसी परिक्रमा मार्ग से जुड़े मंदिरों, घाटों और अन्य धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

पैकेज के तहत प्रतिदिन दो बैच संचालित होंगे। पहला बैच सुबह 10 से शाम चार बजे तक और दूसरा दोपहर एक से शाम सात बजे तक चलेगा। यात्रा लता मंगेशकर चौक से शुरू होगी। इसमें रामायण वैक्स म्यूजियम, सूर्य कुंड, गिरिजा कुंड, पंचमुखी महादेव मंदिर, गुप्तार घाट, झुनकी घाट, लक्ष्मण किला और शेषावतार मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा स्वर्गद्वार, राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर भी यात्रा में शामिल हैं।

यात्रा का समापन सरयू आरती के साथ होगा। श्रद्धालुओं को एसी वाहन से सभी स्थलों तक पहुंचाया जाएगा। साथ में टूर गाइड या कोऑर्डिनेटर भी रहेंगे, जो धार्मिक स्थलों के इतिहास और महत्व की जानकारी देंगे। पैकेज में भोजन और होटल में ठहरने की सुविधा शामिल नहीं है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 14 कोसी परिक्रमा का धार्मिक परंपरा में विशेष महत्व है। इस पैकेज से श्रद्धालुओं को अयोध्या की आध्यात्मिक विरासत से परिचित होने का अवसर मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए भी यह यात्रा सुविधाजनक होगी।

इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट upstdc.co.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा 8130966118 नंबर पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777