खेल-खिलाड़ी

IND vs ZIM, Women 3rd ODI: वैष्णवी शर्मा की फिरकी का कमाल, 5 विकेट लेकर जिम्बाब्वे को 131 रन पर समेटा

वडोदरा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। बायें हाथ की युवा स्पिनर वैष्णवी शर्मा के पांच विकेट के बूते भारत ने बुधवार को यहां तीसरे और आखिरी महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जिम्बाब्वे की पारी को 39.5 ओवर में 131 रन पर समेट दिया। अपने तीसरे वनडे मुकाबले में खेल रहीं वैष्णवी ने 10 ओवर में 39 रन देकर पांच विकेट झटक कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इससे पहले उन्होंने इसी मैदान पर खेले गए पिछले वनडे में चार विकेट चटकाए थे।

तीसरे वनडे में वैष्णवी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

बीस वर्षीय वैष्णवी ने गेंद को हवा में लहराने से परहेज नहीं किया और उनकी इस रणनीति में जिम्बाब्वे की बल्लेबाज लगातार फंसती चली गई। मेहमान टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज मोडेस्टर मुपाचिक्वा ने 48 गेंदों में 37 रन बनाकर सबसे ज्यादा योगदान दिया। भारत दौरे पर लगातार बल्लेबाजी में संघर्ष कर रही जिम्बाब्वे की टीम की मुश्किलें शुरुआती ओवरों में ही बढ़ गई। उसके बल्लेबाजों ने गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आसानी से अपने विकेट गंवाए।

शुरुआत में ही लड़खड़ाई जिम्बाब्वे की पारी

तेज गेंदबाज सयाली सतघरे ने अपने पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज लोरिन फिरी को विकेट के पीछे यास्तिका भाटिया के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी चिपो मुगेरी-तिरिपानो भी ज्यादा देर नहीं टिक सकीं। क्रांति गौड़ की गेंद पर कट लगाने की कोशिश में उन्होंने प्वाइंट पर खड़ी शेफाली वर्मा को कैच थमा दिया। इसके बाद वैष्णवी ने अपनी फिरकी का जादू चलाया। उन्होंने पहले बिलव्ड बीजा को आउट किया और फिर शानदार फॉर्म में चल रहीं मुपाचिक्वा को अपनी चतुराई से चकमा दिया।

मुपाचिक्वा को चतुराई से किया स्टंप आउट

मुपाचिक्वा के क्रीज से बाहर निकलकर खेलने के इरादे को भांपते हुए वैष्णवी ने गेंद को ऑफ स्टंप से काफी बाहर फ्लाइट कराया। बल्लेबाज गेंद तक नहीं पहुंच सकीं और विकेटकीपर यास्तिका ने उन्हें स्टंप कर दिया। वैष्णवी का पांचवां और आखिरी विकेट उनके स्पेल की अंतिम गेंद पर आया।

क्रांति और सयाली ने भी दिखाया दम

न्याशा ग्वानजुरा ने बड़ा स्लॉग स्वीप खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद पैड से टकराकर स्टंप्स पर जा लगी। वैष्णवी के शानदार प्रदर्शन के अलावा क्रांति गौड़ और सयाली सतघरे ने भी दो-दो विकेट हासिल किए। भारतीय गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन के सामने जिम्बाब्वे की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।

क्लीन स्वीप पर भारत की नजर 

शृंखला पहले ही अपने नाम कर चुकी भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए अपनी अंतिम एकादश में तीन बदलाव किए। हरलीन देओल, यास्तिका और क्रांति को टीम में शामिल किया गया। तेज गेंदबाज क्रांति को दूसरे वनडे में आराम दिया गया था। वनडे से पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला को भी भारत ने 3-0 से जीता था।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777