पंजाब चुनाव के लिए AAP की पहली सूची जारी, 40 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान… यहां से चुनाव लड़ेंगे भगवंत मान
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत 40 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। भगवंत मान एक बार फिर धुरी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। शुक्रवार को नई दिल्ली में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। इसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सूची जारी की।
केजरीवाल के आवास पर हुई PAC की बैठक
उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी की बैठक राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और जैस्मिन शाह शामिल हुए। वहीं, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
इसके अलावा शनिवार सुबह भी PAC की एक और बैठक हुई, जिसमें वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
सर्वे और जनता के फीडबैक से तय हुए उम्मीदवार
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि उम्मीदवारों के चयन में पार्टी ने सर्वे और जनता से मिले फीडबैक को प्राथमिकता दी है। इसी आधार पर पहली सूची तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने पांच साल के कार्यकाल और पंजाब में कराए गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
भगवंत मान के मुताबिक, पार्टी सकारात्मक राजनीति के रास्ते पर आगे बढ़ेगी और अपने कामकाज का हिसाब जनता के सामने रखकर वोट मांगेगी। पार्टी का जोर अपने कार्यों और विकास के मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ने पर रहेगा।




