
फ्लैश न्यूज
राज्यपाल ने ईश्वर से प्रदेश वासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने पांच दिवसीय प्रकाशपर्व धनतेरस, छोटी दीवाली, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से उनकी सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
आज यहां जारी एक शुभकामना संदेश में राज्यपाल जी ने कहा कि दीपावली का पर्व भारत की सनातन धर्म की परंपरा का एक महत्वपूर्ण पर्व है। मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम के 14 वर्ष के वनवास के उपरान्त अयोध्या आगमन और राम राज के शुभारम्भ की स्मृति स्वरूप आज से हजारों वर्ष पहले पूरे भरतखण्ड में श्रद्धालुओं द्वारा दीपमालाओं से अपने-अपने घरों में दिये जलाकर इस पर्व को मनाना प्रारम्भ किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में चार प्रकार के पुरूषार्थ बताये गये हैं। धनतेरस इसी का द्योतक है।
राज्यपाल ने कहा कि दीपावली पर्व वर्षा ऋतु के बाद आता है। इसलिये इस पर्व पर स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि नमी के कारण होने वाली बीमारियों से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि इस दिन प्रेम, सहानुभूति और मेल-जोल का दीपक प्रज्ज्वलित करते हुए सभी के, खासकर जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाने का प्रयास करें। उन्होंने कामना है कि यह प्रकाश पर्व आप सभी के जीवन में सुख, संपन्नता और सौभाग्य लेकर आए। इसके साथ ही खतरनाक एवं तेज आवाज वाले पटाखों से दूर रहें एवं पर्यावरण को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षात्मक तरीके से ग्रीन पटाखे जलाएं।
इस पावन अवसर पर राज्यपाल जी राजभवन में कल पूर्वान्ह 11ः00 बजे से वरिष्ठ अधिकारीगण एवं संभ्रान्त नागरिकों से भेंट कर बधाई भी देंगी।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।