
बगैर किसी भेदभाव अथवा पक्षपात के जनसहभागिता के आधार पर जनहित के लिए कार्य करे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आज यहां उनके सरकारी आवास पर भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2021 एवं वर्ष 2022 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर परिवीक्षाधीन अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ज्ञातव्य है कि इन अधिकारियों को यू0पी0 कैडर अलॉट हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवीक्षाधीन पुलिस अधिकारियों को थाने की कार्यपद्धति, सर्किल से समन्वय व पुलिस लाइन की कार्यपद्धति की जानकारी अनिवार्य रूप से हो।
पुलिस कमिश्नर/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इन पुलिस अधिकारियों को कम से कम 03 माह अपने साथ अवश्य रखें और परिवीक्षाधीन पुलिस अधिकारी उनके अनुभवों का लाभ लें। इन पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी दी जाए। सभी पुलिस अधिकारी मेरिट के अनुसार कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए मजबूत सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बहुत आवश्यक है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश देश में लॉ एण्ड ऑर्डर के संदर्भ में एक मॉडल स्टेट बन चुका है। परिणामस्वरूप देश व दुनिया से निवेश उत्तर प्रदेश में आ रहा है। यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 से अब तक हमें लगभग 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्राप्त हो चुके हैं।
प्रदेश सरकार शीघ्र ही 10 लाख करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास करने जा रही है। इससे लोगों को रोजगार भी मिलेगा। आज लोगों की सोच में परिवर्तन आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस को प्रदेश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता से संवाद स्थापित करने की क्षमता अधिकारियों को सफल बनाती है। संवाद से बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। जनता के साथ पुलिस का व्यवहार अत्यन्त महत्वपूर्ण है, क्योंकि पुलिस और जनता का आमना-सामना निरन्तर होता रहता है।