
UP में आंधी-बारिश से बदला मौसम: 21 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट, हमीरपुर में 9 मिमी बारिश, कई जिलों में गिरे ओले
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ली। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी चलीं। राजधानी लखनऊ में कुछ देर के लिए दिन में ही अंधेरा छा गया, जिससे रात जैसा दृश्य बन गया।
अचानक छा गया अंधेरा, हवा के साथ हुई तेज बारिश
राजधानी में मंगलवार सुबह अचानक मौसम बदल गया। सुबह 10 बजे के करीब अचानक घने बादल घिर आए, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया। हवा के संग तेज बारिश शुरू हो गई। करीब 1 घंटे में 7 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई,
तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
जिससे अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री गिरकर 20.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान करीब 1 डिग्री बढ़कर 14.3 डिग्री पहुंच गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक रहा।
आज भी छाए रहेंगे बादल, बूंदाबांदी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार निचले क्षोभमंडल में पंजाब के आस-पास संकेंद्रित पश्चिमी विक्षोभ एवं उत्प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से सुबह अचानक तेज हवाओं के झोंके के साथ बारिश हुई। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने से बुधवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ सुबह घने कोहरे के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी और आस-पास बुधवार को भी बादल छाये रहेंगे और बूंदाबांदी के आसार हैं।
पश्चिमी जिलों से शुरू हुई बारिश का दायरा बुंदेलखंड, मध्यांचल और अवध क्षेत्र तक फैल गया। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के 21 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार तड़के बुंदेलखंड के हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, झांसी और ललितपुर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या और रायबरेली में भी मध्यम बारिश हुई। राजधानी लखनऊ समेत अवध के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलीं, जिससे ठंडक में इजाफा हुआ। उन्नाव, चित्रकूट, हरदोई और इटावा में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ जाएगा और प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि तराई क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा बना रह सकता है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बारिश की संभावना कम होने के बावजूद कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है, इसलिए सतर्कता जरूरी है।
21 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, कानपुर देहात, कानपुर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है।
बारिश और तापमान का हाल
मंगलवार को हमीरपुर में सर्वाधिक 9 मिमी बारिश दर्ज की गई। जालौन में 7.2 मिमी और लखनऊ में 7 मिमी बारिश हुई। अलीगढ़, आगरा, बरेली और गोरखपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक सिमट गई। 26.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ वाराणसी और गाजीपुर सबसे गर्म रहे, जबकि 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा।
बेमौसम बारिश पर मुख्यमंत्री के निर्देश
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क रहने और त्वरित राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने और शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।



