उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बुधवार को बारिश हुई और उत्तरी भारत में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई, जिनमें जम्मू कश्मीर भी शामिल है, जहां भारी हिमपात के कारण पहले बंद किए गए राष्ट्रीय राजमार्ग को पूरी तरह से बहाल कर दिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, वहीं राज्य के पूर्वी हिस्सों में भी कुछ वर्षा हुई। राज्य के दोनों क्षेत्रों में छिटपुट स्थानों पर गरज के साथ बूंदाबांदी हुई।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बरेली सहित एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि हुई और दोनों मौसम उपखंडों में तेज हवाएं चलीं। गोरखपुर और अयोध्या मंडलों में रात के तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। लखनऊ, बरेली और आगरा मंडलों में भी तापमान में काफी वृद्धि दर्ज की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में तापमान लगभग अपरिवर्तित रहा। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान बुलंदशहर में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी पिछले 24 घंटों में बुधवार सुबह 8:30 बजे तक हल्की से मध्यम बारिश हुई, साथ ही गरज और आकाशीय बिजली भी गिरी। सबसे अधिक वर्षा 26 मिलीमीटर झालावाड़ जिले के मनोहर थाना में दर्ज की गई। इसके अलावा, राज्य के कई क्षेत्रों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा।
नागौर में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम है। मौसम विभाग ने बताया कि 28 जनवरी से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर दिशा से चलने वाली तेज हवाओं के कारण तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात के कारण चार राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) सहित 889 सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध रहीं। इस बीच, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात हुई, जबकि राज्य की मध्य और निचली पहाड़ियों में हल्की बारिश हुई।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए
नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।