प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हम सभी नए भारत का दर्शन कर रहे : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद लोगों ने बदले हुए भारत को देखा है। वैश्विक मंच पर भारत का सम्मान बढ़ा है। आज भारत नेतृत्व भी दे रहा है, अपनी सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ अपनी अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ कर रहा है।
साथ ही गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर भारतवासी को प्राप्त हो रहा है। आज योजनाएं किसी भी जाति, मत मजहब की तुष्टि नहीं, बल्कि भारत की 140 करोड़ जनता की संतुष्टि का कारण बन रही है।
मुख्यमंत्री ने टाइम्स नाउ नवभारत द्वारा आज यहां आयोजित कॉन्क्लेव ‘नवभारत नवनिर्माण मंच उत्तर प्रदेश-2024’ में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत वर्ष में ब्रिटेन, जिसने 200 वर्षों तक भारत पर शासन किया, उसे पछाड़कर भारत ने दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपने को स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के पहले का भारत और 2014 के बाद का भारत अलग है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हम सभी नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। नये भारत में नौजवानों के लिए आजीविका भी है और आस्था का सम्मान भी है।
नए भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, ईज ऑफ़ लिविंग, गरीब कल्याण एवं किसान सम्मान, यह सभी कार्य एक साथ हो रहे हैं। गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ युवा, किसान, महिला, श्रमिक, सहित आम जनमानस को बिना भेदभाव प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए हाईवे, रेलवे, मेट्रो ,रैपिड रेल, एयर कनेक्टिविटी बढ़ी है। हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा करेगा, यह परिकल्पना भी आज साकार हुई है। इनलैंड वॉटरवे तथा पब्लिक ट्रांसपोर्ट की आधुनिकतम सुविधाएं आज देश में देखने को मिल रही हैं।