
ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ फैसले के बाद कहा: भारत के साथ ट्रेड डील में कोई बदलाव नहीं, रिश्ते मजबूत बने रहेंगे
वॉशिंगटन/न्यूयॉर्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनके व्यापक टैरिफ फैसलों को अवैध घोषित करने के कुछ घंटों बाद स्पष्ट किया कि भारत के साथ ट्रेड समझौते में कोई परिवर्तन नहीं होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत-अमेरिका व्यापारिक साझेदारी जारी रहेगी और दोनों देशों के बीच संबंध “बहुत अच्छे” हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ट्रंप प्रशासन द्वारा विभिन्न देशों पर लगाए गए बढ़े हुए टैरिफ को रद्द कर दिया, जिसमें राष्ट्रपति की आपातकालीन शक्तियों के दुरुपयोग का हवाला दिया गया। इस फैसले के बावजूद ट्रंप ने व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत का जिक्र करते हुए कहा, “भारत के साथ हमारे रिश्ते शानदार हैं। हम भारत के साथ व्यापार कर रहे हैं। भारत पहले रूस से तेल खरीद रहा था, लेकिन अब वह ऐसा नहीं कर रहा क्योंकि हम उस भयानक युद्ध (रूस-यूक्रेन) को खत्म करना चाहते हैं, जिसमें हर महीने हजारों लोग मारे जा रहे हैं।
ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “मोदी एक महान व्यक्ति हैं, बहुत स्मार्ट लीडर। हमारे रिश्ते बहुत मजबूत हैं।” उन्होंने पुरानी यादें ताजा करते हुए दावा किया कि उन्होंने टैरिफ के दबाव से भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित युद्ध रोका था, जिसमें 10 विमान गिराए गए थे और परमाणु खतरा मंडरा रहा था। ट्रंप का कहना था कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने भी उनकी इस भूमिका की सराहना की और लाखों जानें बचने की बात कही।
ट्रेड डील पर साफ-साफ बयान
जब पत्रकारों ने भारत के साथ ट्रेड डील के भविष्य पर सवाल किया, तो ट्रंप ने कहा, “कुछ नहीं बदलेगा। वे टैरिफ देंगे, हम नहीं देंगे। भारत के साथ डील यही है कि वे टैरिफ चुकाएं। पहले स्थिति उलटी थी, भारत हमें लूट रहा था, लेकिन अब यह एक निष्पक्ष समझौता है। हम उन्हें टैरिफ नहीं दे रहे, वे हमें दे रहे हैं। डील शुरू हो चुकी है और हम इसे नए तरीके से आगे बढ़ाएंगे।



