
यूपी में 56 करोड़ की पर्यटन परियोजनाओं का लोकार्पण; मेरठ-बागपत में पर्यटन को बढ़ावा
पश्चिमी उप्र. में धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मेरठ और बागपत में 56 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से महाभारत सर्किट, जैन सर्किट और ग्रामीण पर्यटन से जुड़े प्रमुख स्थलों का विकास किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री ने शुक्रवार को परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। मेरठ और बागपत महाभारत सर्किट तथा जैन सर्किट के महत्वपूर्ण केंद्र हैं, इसलिए इन क्षेत्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन हब के रूप में विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मेरठ में मंत्री ने औघड़नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शहीद स्मारक पहुंचकर पर्यटन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। यहां लगभग 18.45 करोड़ रुपये की लागत से हस्तिनापुर, परीक्षितगढ़ स्थित श्रृंगी ऋषि आश्रम, मेझा के गोरखधाम सेवा आश्रम, मां ललिता देवी मंदिर और प्राचीन सती देवी मंदिर के विकास से जुड़ी पांच परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।
इसके अलावा मेरठ में करीब 11.76 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया गया। इनमें धनसिंह कोतवाल आर्ट गैलरी, नौचंदी मंदिर, सरधना चर्च, 1857 क्रांति से जुड़े स्थलों और शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण के साथ पांडेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास कार्य शामिल हैं।
इसके बाद पर्यटन मंत्री बागपत पहुंचे, जहां 26 करोड़ रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें पुरा महादेव मंदिर, त्रिलोक तीर्थ धाम और अमर शहीद बाबा शाहमल सिंह के समाधि स्थल के पर्यटन विकास कार्य शामिल हैं।



