आज वाराणसी से यूपी की हवा बदलेंगे पीएम मोदी
महिला आरक्षण विधेयक पास होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को काशी से पहली बार चुनावी शंखनाद करेंगे। भाजपा काशी और गोरखपुर क्षेत्र के लिहाज से महत्वपूर्ण लोकसभा की 27 सीटों की जनता को साधेंगे। साथ ही देश व उत्तर प्रदेश की जनता को आगामी लोकसभा चुनाव का अपना एजेंडा बताएंगे।
नारी शक्ति वंदन विधेयक लोकसभा और राज्यसभा से पास हो चुका है। अब भाजपा इसे उपलब्धि के तौर पर पेश करेगी। इसका खाका भी तैयार किया गया है। विधेयक पास होने के बाद पहली जनसभा वाराणसी में कराई जा रही है। प्रधानमंत्री विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करके विकास का एजेंडा आगे बढ़ाएंगे। साथ ही अपनी सरकार की उपलब्धियां बताएंगे।
पीएम मोदी की जनसभा में आएंगे 50 हजार लोग
भाजपा ने भी पीएम मोदी की जनसभा को सफल बनाने के लिए ताकत झोंक दी है। बनारस की आठ विधानसभा सीटों से 50 हजार लोगों को जनसभा तक लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए हर विकास खंड में बसें लगाई गई हैं। बसों से ही लोगों को जनसभा स्थल तक लाया जाएगा। महिलाओं की भागीदारी ज्यादा रहेगी।
दरअसल, वर्ष 2024 में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव में पूर्वांचल को बेहद अहम माना जा रहा है। पूर्वांचल की सियासी धुरी बनारस में पीएम की जनसभा के जरिये भाजपा भी माहौल बनाने की तैयारी में हैं। यहां बता दें कि वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा को पूर्वांचल की मछली शहर, आजमगढ़, गाजीपुर, घोषी, लालगंज सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में भाजपा नई रणनीति के साथ वर्ष 2024 के आम चुनाव में तैयारी में है।
ये हैं लोकसभा सीटें
काशी क्षेत्र: वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, प्रतापगढ़, जौनपुर, मछलीशहर, भदोही, मिर्जापुर, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रयागराज, फूलपुर, गाजीपुर और कौशांबी।
गोरखपुर क्षेत्र: गोरखपुर, बांसगांव, आजमगढ़, लालगंज, घोसी (मऊ), बलिया, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, देवरिया, सलेमपुर और महराजगंज।



