
प्रधानमंत्री जी का यह भ्रमण अयोध्या को हजारों करोड़ रु0 की परियोजनाओं का उपहार देने वाला होगा : मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद अयोध्या में आगामी 30 दिसम्बर, 2023 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत संतगणों से चर्चा की। उन्होंने शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में प्राण-प्रतिष्ठा से बहुप्रतीक्षित आयोजन से पूर्व आगामी 30 दिसम्बर, 2023 को प्रधानमंत्री जी का अयोध्या आगमन होना है।
प्रधानमंत्री जी का यह भ्रमण अयोध्या को हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उपहार देने वाला होगा। यह आयोजन अति महत्वपूर्ण है, इसके दृष्टिगत भारत सरकार के सहयोग से स्थानीय प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां कर ली जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या को त्रेतायुगीन वैभव के अनुरूप सजाया जाए। पूरी अयोध्या राममय हो। स्थानीय मठ-मन्दिरों को सजाया जाए। भव्य तोरण द्वार बनाए जाएं। स्थान-स्थान पर भगवान श्रीराम से सम्बन्धित भजन बजाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राम पथ, भक्ति पथ, जन्मभूमि पथ एवं धर्म पथ तथा अयोध्या एयरपोर्ट से बाईपास से नयाघाट जोड़ने वाले मार्ग से सम्बन्धित कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्रता से पूरा कराया जाए।
उनके फुटपाथ, श्रद्धालुओं के चलने के लिए हो तथा मुख्य कैरेज-वे पर वाहन चलें। इन मार्गों पर जहां पर पर्याप्त चौड़ाई है, उन स्थानों पर बैठने की व्यवस्था व अन्य जन सुविधाएं विकसित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत हेतु अयोध्यावासी भी उत्सुक हैं। ऐसे में स्थानीय प्रशासन द्वारा उनका भी यथोचित सहयोग लिया जाए। कार्यक्रम के आयोजन में साधु-संतगणों का मार्गदर्शन लिया जाए। पुष्प वर्षा कर प्रधानमंत्री जी का अभिनन्दन किया जाना चाहिए। स्वस्तिवाचन कर प्रधानमंत्री जी का अभिनन्दन किया जाए।