
रामनगरी में दिखा श्रीराम जन्मोत्सव का वैभव, 35 लाख श्रद्धालु पहुंचे अयोध्या, 5.50 लाख श्रद्धालुओं ने किया रामलला का दर्शन-पूजन
रामनगरी में शुक्रवार को श्रीराम जन्मोत्सव का वैभव देखते ही बना, पूरी नगरी राममय रही। ब्रह्म मुहूर्त में सुबह चार बजे से ही लाखों की संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने पावन सरयू नदी में डुबकी लगाई। इसके बाद मंदिरों में दर्शन करने पहुंचे। सुबह पांच बजे से ही हनुमानगढ़ी, कनक भवन और राम मंदिर में लंबी कतार रही। जिलाधिकारी के अनुसार दो दिनों में करीब 35 लाख श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। करीब 5.50 लाख श्रद्धालुओं ने रामलला का दर्शन-पूजन किया। रामलला के सूर्य तिलक के दौरान भी श्रद्धालुओं का कतारबद्ध दर्शन पूजन जारी रहा। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि पथ, यात्री सुविधा केंद्र पर लगे एलईडी पर श्रीराम जन्मोत्सव समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
इस उत्सव का खास नजारा कनक भवन मंदिर में दिखा। जहां ओरछा धाम से आए महिला व पुरुष भक्त सोहर, बधाई व उत्सव गीत के पर आस्था में भाव विभोर होकर नृत्य करने पर मजबूर हो गए। कनक भवन में सजा कनक बिहारी सरकार का अनुपम सौंदर्य देख लोगों के आंखों से भक्ति की अश्रुधारा बहने लगी। पूरा परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। मजबूरी में सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धालुओं का अंदर प्रवेश रोकना पड़ा। ठीक 12 बजे श्रीराम जन्मोत्सव के दौरान गर्भगृह का पट खुला व भए प्रगट कृपाला… गाकर भव्य आरती उतारी गई। देर शाम तक मंदिर परिसर में गीत व भजनों के साथ बधाई गीत का दौर जारी रहा।
यही दृश्य मणिरामदास की छावनी, दशरथ महल, सियाराम किला, रंगमहल, जानकी घाट, हरिधाम गोपाल पीठ, राम वल्लभा कुंज, अशर्फी भवन, लाल साहब दरबार सहित अन्य मंदिरों में भी रहा। जहां शंखनाद, घंट-घडियाल के साथ राम दरबार की आरती उतारकर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। कई मंदिरों में भंडारे का भी दौर चला।
12 बजते ही जय श्रीराम के जयकारे से गूंजी रामनगरी
श्रीराम जन्मोत्सव से ठीक पहले जो श्रद्धालु जहां भी था, वहीं बैठकर रामधुन गाने लगा। ठीक 12 बजे जन्मोत्सव का समय आते ही अयोध्या के मठ मंदिरों से घंटे- घडियाल की ध्वनि गूंजने लगे। इसके साथ ही पूरी अयोध्या जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजने लगी। कुछ श्रद्धालु सड़क पर ही भक्ति में डूबकर नृत्य करने लगे, तो कोई भय प्रगट कृपाला.. गाने लगा। श्रीराम जन्मभूमि पथ पर दर्शन की कतार में लगे श्रद्धालुओं ने एलईडी स्क्रीन पर हाथ जोड़कर भगवान का जन्मोत्सव दिखा।
रामलला और हनुमान जी के स्वरूप में दिखे भक्त
राम मंदिर में दर्शन करने के लिए छत्तीसगढ़ से आई एक बालिका ने भगवान श्रीराम का व एक युवक ने हनुमान जी का स्वरूप धारण किया, जो आकर्षण का केंद्र बना। इनके साथ सेल्फी लेने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ लगी रही।
इकबाल ने मोबाइल में देखा श्रीराम जन्मोत्सव
बाबरी मस्जिद के पैरोकार रहे इकबाल अंसारी भी इस दृश्य से अछूते नहीं रहे। उन्होंने अपने आवास पर मोबाइल में राम मंदिर में हो रहे भगवान का सूर्य की किरणों से मस्तकाभिषेक व अन्य समारोह को देखा। उन्होंने अपने सुरक्षाकर्मी को रामलला की फोटो भी भेंट की।
प्रभु श्रीराम का नाम लिखा चावल का दाना वितरित किया
जौनपुर से अयोध्या पहुंचे एक भक्त ने चावल के दाने पर प्रभु श्रीराम का नाम उकेर कर श्रद्धालुओं को वितरित किया। इससे पूर्व वह माघ मेला में भी एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं को श्रीराम नाम लिखित चावल वितरित कर चुका है
बालक राम को अर्पित किए खिलौने
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद से एक राम भक्त परिवार ने रामलला के लिए खिलौने लेकर आया। दर्शन पूजन के दौरान खिलौने बालक राम को अर्पित किए।
बाबा गुरुदेव के अनुयायियों ने पीएएस से दिया संदेश
मथुरा से आए बाबा गुरुदेव के अनुयायियों के एक दल ने रामपथ पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लोगों को संदेश दिया। जा रहा है। दल ने श्रद्धालुओं से शाकाहार अपनाने और अहिंसा के मार्ग पर चलने की अपील भी की। जा रही है।
जगह-जगह हुआ प्रसाद वितरितमेला क्षेत्र में हनुमान गुफा, जानकी घाट, दीनबंधु अस्पताल चौराहा, कनक भवन समेत अन्य स्थानों पर भक्तों के लिए पूरी-सब्जी, हलुआ, चावल-छोला व ठंडे शरबत का स्टाल भी लगाया गया। सभी स्टालों पर भीड़ रही, श्रद्धालुओं ने इसे अयोध्या का प्रसाद समझकर ग्रहण किया।



