
गिरावट से उबरे शेयर बाजार, 650 अंक चढ़ा सेंसेक्स
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को तेजी लौट आयी और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 650.39 अंक (0.79 प्रतिशत) की बढ़त में 83,277.15 अंक पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 211.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,682.75 अंक पर बंद हुआ। दूसरे एशियाई बाजारों से मिले नकारात्मक संकेत से शुरुआती कारोबार में घरेलू बाजारों में गिरावट थी, लेकिन यूरोपीय बाजारों में तेजी रहने से बाद में निवेश धारणा मजबूत हुई।
इससे आज सेंसेक्स में 1,057 अंकों का बड़ा उतार-चढ़ाव देखा गया। यह नीचे 82,277 अंक और ऊपर 83,333 अंक तक गया। मझौली और छोटी कंपनियों में भी लिवाली को जोर रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.38 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.48 प्रतिशत की बढ़त में रहा। बैंकिंग, रियलटी, एफएमसीजी, स्वास्थ्य, फार्मा, धातु, तेल एवं गैस और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों में तेजी रही। ऑटो और मीडिया समूहों के सूचकांक लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स की कंपनियों में पावर ग्रिड का शेयर करीब साढ़े चार प्रतिशत चढ़ा। एचडीएफसी बैंक में भी दो प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, आईटीसी, आईटीसी, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अडानी पोर्ट्स और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत ऊपर बंद हुए। भारतीय स्टेट बैंक, एलएंडटी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बीईएल, टीसीएस और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी हरे निशान में रहे। टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा में गिरावट रही।



