खेल-खिलाड़ी
एशियाई खेलों में बारिश से क्वार्टर फाइनल रद्द, ICC T20I रैंकिंग के दम पर भारत सेमीफाइनल में
(तस्वीरों के साथ) नागोया, 28 सितंबर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम सोमवार को यहां खराब मौसम के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ एशियाई खेलों का क्वार्टर फाइनल रद्द होने के बाद मैदान पर उतरे बिना ही सेमीफाइनल में पहुंच गई। गत चैंपियन भारत ने आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर होने के कारण अंतिम चार में जगह बनाई, जबकि अफगानिस्तान 10वें स्थान पर है। भारत का सामना मंगलवार को यहां नेपाल और श्रीलंका के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।
अगर यह मुकाबला भी रद्द होता है तो बेहतर रैंकिंग के आधार पर श्रीलंका सेमीफाइनल में भारत से भिड़ेगा। नागोया में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है और सोमवार को मैच के कुछ ओवर कम किए जाने की संभावना भी बेहद कम थी। भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने मैच रद्द होने की घोषणा के बाद कहा, ‘‘उम्मीद है कि आगामी मुकाबलों में हमें अच्छा क्रिकेट खेलने और जापान के लोगों के सामने अपना खेल दिखाने का मौका मिलेगा।’’ पाकिस्तान और हांगकांग के बीच पहला क्वार्टर फाइनल भी बारिश की भेंट चढ़ गया था।



