Japan Super 500: गायत्री-त्रीसा की जोड़ी का शानदार प्रदर्शन, सीधे गेम में जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
कुमामोतो/जापान। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है। महिला युगल में गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली की जोड़ी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पहले दौर में जापान की स्थानीय जोड़ी को सीधे गेम में शिकस्त दी और प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। वहीं पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी भी अगले दौर में पहुंच गई।
मंगलवार को खेले गए मुकाबले में विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता भारतीय जोड़ी गायत्री और त्रीसा ने जापान की हिनाता सुजुकी और नाओ यामाकिता को 42 मिनट तक चले मुकाबले में 21-17, 21-14 से हराया। भारतीय खिलाड़ियों ने दोनों गेम में शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए घरेलू दर्शकों के सामने जापानी चुनौती को पार किया।
चोट के कारण मलेशियाई जोड़ी ने छोड़ा मुकाबला
पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन की जोड़ी को अगले दौर में पहुंचने के लिए ज्यादा देर कोर्ट पर नहीं रहना पड़ा। उनके सामने मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक की जोड़ी थी, लेकिन मुकाबला शुरू होने के महज छह मिनट बाद चोट के कारण मलेशियाई खिलाड़ियों ने मैच छोड़ दिया। उस समय भारतीय जोड़ी पहले गेम में 11-6 से आगे चल रही थी।
मिश्रित युगल में ध्रुव-राधिका को मिली हार
हालांकि मिश्रित युगल में भारत को निराशा हाथ लगी। ध्रुव कपिला और राधिका शर्मा की जोड़ी को क्वालीफाइंग के पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। अमेरिकी जोड़ी चेन झी यी और फ्रांसेस्का कॉर्बेट ने भारतीय जोड़ी को 21-16, 21-15 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। इस तरह भारतीय खिलाड़ियों के लिए टूर्नामेंट का शुरुआती दिन मिला-जुला रहा।




