
वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच कारोबारियों की मुनाफावसूली से वायदा बाजार में सोने व चांदी के भाव में मंगलवार को गिरावट आई। चांदी दो प्रतिशत टूटकर 2.57 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर जबकि सोना 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
सोना-चांदी की कीमतों में आईं गिरावट
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंध की कीमत 5,422 रुपये या 2.06 प्रतिशत टूटकर 2,57,198 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। सोमवार को इसका बंद भाव 2,62,620 रुपये प्रति किलोग्राम था।
सोने के वायदा भाव में भी बिकवाली का दबाव देखने को मिला। अप्रैल आपूर्ति वाले सोने के अनुबंध का भाव 677 रुपये या 0.43 प्रतिशत घटकर 1,57,389 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। पिछले सत्र में सोने का बंद भाव 1,58,066 रुपये प्रति 10 ग्राम था। कारोबारियों ने कहा कि मजबूत अमेरिकी डॉलर ने भी बाजार की धारणा पर दबाव डाला तथा घरेलू बाजारों में सोने की कीमतों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर मार्च में आपूर्ति वाले चांदी का वायदा भाव 1.20 प्रतिशत टूटकर 81.25 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। सोमवार को इसकी कीमत 82.23 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी।
इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा, ‘‘ व्यापारियों के मुनाफावसूली करने से मंगलवार को चांदी की कीमत 82 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई। इससे दो दिन की बढ़त का सिलसिला टूटा जबकि हाल के हफ्तों में ऐतिहासिक गिरावट के बाद कीमती धातुओं के बाजार में अस्थिरता बनी रही। वहीं कॉमेक्स पर सोने के अप्रैल में आपूर्ति वाले अनुबंध का वायदा भाव 24.19 डॉलर या 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,055.21 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। पिछले बाजार सत्र में यह 5,079.4 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था।



