
प्रधानमंत्री ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ कार्यक्रम में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाभार्थियों के साथ संवाद किया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा कि आज विकसित भारत संकल्प यात्रा के 15 दिन पूरे हो रहे हैं। आज हजारों लोग एक-एक करके इस यात्रा के साथ जुड़ रहे हैं। कार्यक्रम में लोगों का जुड़ना, अपने-आप में विकास के प्रति लोगों का विश्वास है।
विकास का महात्म्य क्या है, यह आज देश का गांव-गांव का व्यक्ति समझने लगा है। विकसित भारत सबका साथ लेकर सबके सपनों को साकार करने का संकल्प है। विकसित भारत संकल्प यात्रा, उन लोगों तक सरकार की योजनाएं और सुविधाएं लेकर जा रही है, जो अब तक इनसे छूटे हुए हैं।
प्रधानमंत्री आज पूरे देश मंे आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ कार्यक्रम में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। उन्होंने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लाभार्थियों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लखनऊ आगमन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं के नेतृत्व में विकास को गति देने के लिए देश भर में प्रधानमंत्री महिला किसान ड्रोन केन्द्र खोलने तथा प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के अन्तर्गत देश भर में जन औषधि केन्द्रों की संख्या 10 हजार से 25 हजार तक बढ़ाने की परियोजना का शुभारम्भ किया।
उन्होंने एम्स देवघर, झारखण्ड परिसर में 10 हजारवें जन औषधि केन्द्र का वर्चुअली लोकार्पण किया। इस अवसर पर ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के सम्बन्ध में लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशवासी ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ को एक जनांदोलन का रूप देकर इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। भारत अब रुकने और थकने वाला नहीं है। 140 करोड़ देशवासियों ने विकसित भारत बनाना ठान लिया है। आजादी के अनेक दशकों बाद तक, देश की बहुत बड़ी आबादी, मूल सुविधाओं से वंचित रही।
निराशा की इस स्थिति को हमारी सरकार ने बदला है। आज देश में जनता को ईश्वर का रूप मानने वाली सरकार है। हम सत्ता भाव से नहीं, सेवा भावना से काम करने वाले हैं। सरकार नागरिकों की जरूरतों की पहचान कर उन्हें उसका हक दे, यही स्वाभाविक एवं सच्चा सामाजिक न्याय है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प 04 अमृत स्तंभों पर टिका है। ये अमृत स्तंभ है, हमारी नारी शक्ति, युवा शक्ति, किसान तथा गरीब। इनका उत्थान ही भारत को विकसित बनाएगा। जब ये सशक्त होंगे, तो पूरा देश सशक्त होगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान दो बड़े कार्यक्रम देश ने किए हैं।
एक कार्य नारीशक्ति और टेक्नॉलॉजी से खेती-किसानी को आधुनिक बनाना, वैज्ञानिक बनाना, उसे सशक्त करने का काम है, दूसरा गरीब, निम्न मध्यम वर्ग, मध्यम वर्ग या उच्च वर्ग सहित देश के सभी नागरिकों को सस्ती से सस्ती दवाएं मिलें, उसेे बीमारी में जिंदगी गुजारनी न पड़े। यह बहुत बड़ा सेवा का काम है।



