यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, एक सप्ताह में तैनात होंगे सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। तैनात अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से निर्वाचन संबंधी प्रावधानों और दायित्वों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों की समीक्षा की। सेक्टर ऑफिसर अपने क्षेत्र के सभी मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर रास्ते, बिजली, फर्नीचर, रैंप, शौचालय, छाया और पेयजल जैसी सुविधाओं का सत्यापन करेंगे। कमियां मिलने पर उन्हें संबंधित विभागों के समन्वय से समय से दूर कराया जाएगा।
वल्नरेबिलिटी मैपिंग के आधार पर होगी कार्रवाई
सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर को वीएम-1 फॉर्मेट उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें पिछले चुनावों के आपराधिक मामलों, हिंसा, आचार संहिता उल्लंघन, जब्ती, पुनर्मतदान और शराब से जुड़े मामलों समेत संवेदनशील जानकारियां होंगी। इनके आधार पर अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर आवश्यक कार्रवाई करेंगे। ऐसे मतदेय स्थलों को भी चिह्नित किया जाएगा, जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। सेवा प्रदाताओं से समन्वय कर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की कार्रवाई होगी।
ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा पर जोर
ईवीएम वेयरहाउस में कैमरों की रिकॉर्डिंग का कम से कम 30 दिन का बैकअप अनिवार्य होगा। एफएलसी के दौरान दीमक, सीपेज या अन्य खामियां मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाएगा। थाना प्रभारी और पुलिस उपाधीक्षक भी वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का समय-समय पर निरीक्षण करेंगे।



