वाराणसी। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का श्रेय सैन्य बलों के साथ देश की एकता के जज्बे को देते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आतंकियों और उनके रहनुमा का सामना करते समय भारत शिव के रुद्र रूप में सामने आता है। अपने संसदीय क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी ने यहां लगभग 2183.45 करोड़ की 52 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर सेवापुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि जो भारत पर संप्रभुता पर वार करेगा, वह कहीं नहीं बचेगा।
उन्होंने कहा “ऑपरेशन सिंदूर से कुछ लोगों को तकलीफ हुई। कांग्रेस और उनके सहयोगियों को यह दुख दे रहा है। आपने देखा होगा कि आतंक के ठिकानों को खंडहर बना दिया गया। पाकिस्तान का दुख कांग्रेस और सपा को सहन नहीं होता। वे आतंकियों के लिए आंसू बहाते हैं। ऑपरेशन सिंदूर को इन्होंने तमाशा कहा, लेकिन क्या सिंदूर कभी तमाशा हो सकता है। सपा और कांग्रेस की निर्लज्जता एक जैसी है। उनके नेता संसद में कहते हैं कि आतंकियों को मारने की बजाय भागने का मौका देना चाहिए। यही लोग आतंकियों को क्लीन चिट देते थे। यह नया भारत है, जो दुश्मनों के सामने काल भैरव बन जाता है। सेना के पराक्रम को पूरी दुनिया ने देखा। आत्मनिर्भर भारत की ताकत भी सभी ने जानी। पाकिस्तान में ब्रह्मोस मिसाइल की गूंज से नींद उड़ जाती है।”
पीएम मोदी ने कहा कि दस करोड़ किसान भाइयों के खातों में 21,000 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए गए। जब काशी से यह राशि भेजी जाती है, तो यह प्रसाद बन जाता है। दो हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ। विकास की धारा मां गंगा की अविरल धारा के साथ आगे बढ़ रही है। काशी में सांसद गाइड प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लोग कौशल विकास से जुड़े। कई अन्य आयोजन भी होने वाले हैं। उन्होने कहा “ मैं सरकार के सभी लोगों और अधिकारियों को बधाई देता हूं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वालों को शुभकामनाएं। हमारी सरकार किसानों के लिए समर्पित है। पिछली सरकारें घोषणाएं तो करती थीं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती थीं। भाजपा सरकार जो कहती है, वह करती है।
पीएम मोदी ने कहा “ जब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि शुरू हुई, तो सपा और विपक्षी दल अफवाहें फैलाते थे कि जमा पैसा मोदी निकाल लेगा। ये लोग झूठ बोलते हैं। इस योजना के तहत अब तक साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक किसानों के खातों में जमा किए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश के ढाई करोड़ किसानों को 90,000 करोड़ रुपये और काशी के किसानों को 900 करोड़ रुपये मिले। आपने ऐसा सांसद चुना, जिसके कारण यह राशि बिना किसी कमीशन या हेराफेरी के सीधे खातों में पहुंची। व्यवस्था में कोई रिसाव नहीं है। विकास का मंत्र है। जो जितना पिछड़ा, उसे उतनी प्राथमिकता।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए
नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।