
मथुरा, काशी और विश्वनाथ, तीनों लेंगे एक साथ: डिप्टी सीएम केशव मौर्य
लखनऊ के डीएवी कॉलेज में चल रही श्रीरामकथा में पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि श्रीरामजन्म भूमि आंदोलन के समय संघ के नारे मथुरा, काशी और विश्वनाथ, तीनों लेंगे एक साथ को दोहराते हुए कि मथुरा को भूले नहीं हैं। अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया है। एएसआई रिपोर्ट के बाद काशी में भी हर-हर महादेव हो गया है। राजेंद्र नगर डीएवी कॉलेज में देवकीनंदन महाराज की श्रीरामकथा चल रही है।
यजमान के तौर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे। यहां डिप्टी सीएम केशव प्रसाद ने व्यासपीठ का पूजन कर आशीर्वाद लिया। आगे उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में हमारी सरकार बनी, जिसके कारण 500 साल बाद रामलला अपने जन्मस्थान पर विराजमान हुए हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण से शहरों में विलुप्त हो रही हमारी सनातन संस्कृति को जागृत होने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि यहां पूज्य देवकीनंदन ठाकुर श्रीराम कथा कह रहे हैं। जो भी सुबह उठकर अपने माता-पिता के चरण छूकर आशीर्वाद लेगा, उसे ब्रह्मा, विष्णु और महेश का भी आशीर्वाद मिलेगा। कथाओं के माध्यम से युवा पीढ़ी तक श्रीराम के संस्कार जा रहे हैं। श्री मौर्य ने राम मंदिर निर्माण की शुभकामनाएं दीं। कथा में प्रमुख यजमान सर्वेश पांडेय, मुरलीधर आहूजा, अंशु गुप्ता, अरविंद सिंह, सुरेश मिश्रा, नितिन गुप्ता ने आरती पूजन किया। देवकी नंदन महाराज की अगुवाई में विश्व शांति के लिए सभी ने साथ में प्रार्थना की। उसके बाद महाराज देवकी नंदन ने भक्तों को ‘सखी वृंदावन जाऊंगी’ भजन सुनाया।
देवकी नंदन ठाकुर ने कहा कि प्रभु श्रीराम के आने से हर सच्चा सनातनी खुश है। कहा कि जब राजा धर्माता होता है तो प्रजा भी धर्म को मानने वाली बन जाती है। जिस पर राम नाम का धन है वह सब से बड़ा धनवान है। जिसके पास राम नाम का धन नहीं, उससे बड़ा कंगाल कोई नहीं। जब तक मनुष्य सत्संग नहीं करेगा, तब तक उन्हें जीवन जीना नहीं आएगा। सब लोग अपना जीवन व्यतीत कर ही रहे हैं, लेकिन सत्संग जीवन में आ जाता है तो हमें जीवन जीना आ जाता है।