
28 फरवरी को ग्रीन कॉरिडोर का होगा भव्य लोकार्पण, राजनाथ सिंह और योगी करेंगे उद्घाटन
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का डालीगंज से समतामूलक चौक तक बनाए गए ग्रीन कॉरीडोर फेज-2 का लोकार्पण 28 फरवरी को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसके साथ ही रूट आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। इस रूट पर डालीगंज से निशातगंज होते हुए समतामूलक चौक तक वाहनों को जाने में छह से सात मिनट लगेंगे। नए रूट से न केवल जाम से निजात मिलेगी बिल्क लंबी दूरी भी तय नहीं करनी पड़ेगी।
यह रूट पहले से आईआईएम रोड से डालीगंज तक संचालित फेज-1 से जुड़ेगा। इससे आईआईएम रोड से डालीगंज और निशातगंज से होते हुए सीधे 10 मिनट में समतामूलक तक वाहनों से आनाजाना होगा। इसके आगे ग्रीन कॉरिडोर को किसान पथ से जोड़ने के लिए एलडीए ने फेज-3 और फेज-4 का निर्माण भी तेज कर दिया है।
तीसरे एवं चौथे चरण में समतामूलक चौक से किसान पथ तक बंधा रोड, फ्लाईओवर, ब्रिज व शहीद पथ पर इकाना स्टेडियम के पास फ्लाईओवर बनेगा। तीसरे चरण में पिपराघाट से शहीद पथ के बीच समतलीकरण का काम लगभग हो चुका है। बारिश से पहले लैंड फिलिंग का कार्य पूरा हो जाएगा। इस पांच किमी लंबे स्ट्रेच में कॉरिडोर बनने से कैंट से अयोध्या रोड व कानपुर रोड की ओर जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसी तरह कुल चार चरणों में आईआईएम रोड से किसान पथ तक 28 किमी ग्रीन कॉरिडोर बनेगा।
निशागंज पर चक्र और हॉर्टिकल्चर से सजाई रोटरी
एलडीए ने फेज-2 के लोकार्पण की तैयारी तेज कर दी है। डालीगंज, निशातगंज और समतामूलक चौक पर वाहनों के मुड़ने के लिए रोटरी बनाई है। सभी रोटरी हॉर्टिकल्चर कार्य और लाइटिंग से सजाई है। जबकि निशातगंज पर बनी रोटरी में तीन चक्र रखे हैं। इसका नामकरण भी किया जा सकता है। रोटरी की फिनिशिंग, रंग-रोगन, लाइटिंग, डिवाइरों पर पौध-रोपण, डिवाइडर और वाल पेंटिंग, पोल पर रंग-बिरंगी लाइटें आदि सजावट के कार्य पूर्ण हो गए हैं।



