कारोबार

भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता शुरू होने से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 82,380 और निफ्टी 25,239 पर बंद

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

मुंबई। स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स करीब 595 अंक चढ़ गया जबकि एनएसई निफ्टी में 170 अंक की बढ़त दर्ज की गई। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर बातचीत के सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद में बाजार चढ़ा है। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 594.95 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,380.69 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान, एक समय यह 657.74 अंक तक चढ़ गया था। पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 169.90 अंक यानी 0.68 प्रतिशत चढ़कर 25,239.10 अंक पर बंद हुआ। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि भारत और अमेरिका के मुख्य वार्ताकारों ने प्रस्तावित व्यापार समझौते से जुड़े मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत शुरू कर दी है। अमेरिका के भारी शुल्क से निर्यातकों के लिए अनिश्चितता पैदा हुई है।

इस सप्ताह होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतिगत बैठक से पहले एशियाई और अमेरिकी बाजारों में तेजी रही जिसका सकारात्मक असर घरेलू बाजार पर पड़ा। सेंसेक्स की कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, भारती एयरटेल और टाटा स्टील प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स और बजाज फाइनेंस शामिल हैं। आगामी अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत निर्णय में प्रमुख ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत कटौती की उम्मीद और भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता फिर से शुरू होने को लेकर नई उम्मीद बंधने और अनुकूल वैश्विक संकेतों से घरेलू बाजार में सुधार का रुख रहा।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘नई जीएसटी दरों के लागू होने और त्योहारों के दौरान मांग की उम्मीद से वाहन और टिकाऊ उपभोक्ता सामान क्षेत्र के शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया।’’ एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट सकारात्मक दायरे में रहे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.55 प्रतिशत टूटकर 67.07 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,268.59 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। सेंसेक्स सोमवार को 118.96 अंक नुकसान में रहा था जबकि निफ्टी में 44.80 अंक की गिरावट आई थी।

राज्‍यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button