भारत-पोलैंड की दोस्ती को मिलेगी नई उड़ान, PM मोदी और डोनाल्ड टस्क के बीच अहम बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और द्विपक्षीय सहयोग के नए अवसर तलाशने पर चर्चा प्रस्तावित है।
रक्षा सहयोग, व्यापार, निवेश, नवीकरणीय ऊर्जा और उभरती तकनीक जैसे अहम मुद्दे बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, दोनों नेता आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। इस मुलाकात को दोनों देशों के बीच संबंधों को नई गति देने और आर्थिक सहयोग का दायरा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रक्षा, व्यापार और निवेश पर रहेगा जोर
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच भारत-पोलैंड संबंधों को और मजबूत बनाने के साथ सहयोग के नए क्षेत्रों की संभावनाओं पर चर्चा होगी। बैठक में रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, द्विपक्षीय व्यापार को विस्तार देने और निवेश के अवसरों को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान रहने की उम्मीद है। इसके अलावा नवीकरणीय ऊर्जा और नई तकनीकों के क्षेत्र में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर भी बातचीत होगी।
राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात से पहले डोनाल्ड टस्क ने नई दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी पोलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करने पर चर्चा की।
जयशंकर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर टस्क से मुलाकात पर खुशी जताई। उन्होंने भारत-पोलैंड के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर उनके विचारों की सराहना की और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की उम्मीद व्यक्त की।
तीन दिवसीय दौरे पर भारत आए डोनाल्ड टस्क
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क बुधवार शाम तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि टस्क की यह यात्रा भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने और दोनों देशों के पुराने संबंधों को और मजबूत करने में मदद करेगी। टस्क के साथ पोलैंड के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमांस्की और एक उच्चस्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री के रूप में डोनाल्ड टस्क की यह भारत की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वह वर्ष 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे।
बेंगलुरु में आईटी और अंतरिक्ष क्षेत्र पर होगी चर्चा
नई दिल्ली में कार्यक्रम पूरे करने के बाद पोलैंड के प्रधानमंत्री बेंगलुरु जाएंगे। वहां वह सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), अंतरिक्ष क्षेत्र और अन्य कारोबारी क्षेत्रों से जुड़े हितधारकों के साथ बातचीत करेंगे। भारत-पोलैंड व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए 22 अक्टूबर को नई दिल्ली और 23 अक्टूबर को बेंगलुरु में भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के जरिए दोनों देशों के कारोबारी प्रतिनिधियों को व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग की नई संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा। भारत और पोलैंड के बीच बढ़ता संपर्क रक्षा, तकनीक, ऊर्जा और कारोबार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को व्यापक बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।



