
विगत 06 वर्षों में प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने में सफलता प्राप्त की-मुख्यमंत्री योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बारे में देश-दुनिया की धारणाएं बदली हैं। अब कोई भी प्रदेश को नकारात्मक दृष्टि से नहीं देखता।
यह एक टर्निंग पॉइंट है, जिसने प्रदेश को आगे बढ़ने की नई दृष्टि दी है। इस हेतु प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने प्रकाश पुंज के रूप में कार्य किया है।
उनकी प्रेरणा और मार्गदर्शन से प्रदेश ने वर्ष 2017 से अपनी इस यात्रा को प्रारंभ किया था। प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से उभर कर एक सशक्त प्रदेश के रूप में उभरा है।
मुख्यमंत्री आज यहां होटल ताज में आयोजित एन0बी0टी0 यू0पी0 राइजिंग ‘दस साल, दस बदलाव’ संवाद कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पूर्व भारत के बारे में अन्य देशों की नकारात्मक धारणा थी। अब भारत के बारे में दुनिया की धारणा में परिवर्तन हुआ है।
अब भारत को सकारात्मक नजरिए और गंभीरता से देखा जाता है। यदि दुनिया में कहीं संकट होता है तो भारत और प्रधानमंत्री जी संकटमोचक के रूप में याद किए जाते हैं। विगत 06 वर्षों में प्रदेश में हुए बदलाव सबके सामने हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में अनेक क्षेत्रों में व्यापक बदलाव आया है। खासतौर से आर्थिक मोर्चे पर सरकार के परसेप्शन में अंतरको देखा जा सकता है।
सभी ने विगत 09 वर्षों में भारत को बहुत शानदार रूप से आगे बढ़ते हुए देखा है। भारत ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में लंबी छलांग लगाई है।
पहले 10 बड़ी अर्थव्यवस्था की रैंकिंग में भारत का स्थान दसवां था, अब 5वें स्थान पर आ गया है। यह कहा जा सकता है कि वर्ष 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में विश्वास का माहौल उत्पन्न हुआ है। लोगों के मन में विश्वास है कि देश का राजनीतिक नेतृत्व जो फैसला लेगा वह देश और जनता के हित में होगा।
यह विश्वसनीयता की राजनीति की नई शुरुआत है। इसी तर्ज पर यह बदलाव हमें उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है।
प्रदेश की 25 करोड़ जनता को प्रदेश के राजनीतिक नेतृत्व पर विश्वास उत्पन्न हुआ है।
प्रदेश में आजादी, देश में लोकतंत्र की बहाली और बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर द्वारा बनाए गए संविधान के लागू होने के बाद पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने अपना कार्यकाल पूरा किया है।
इससे पहले किसी भी मुख्यमंत्री ने अपना कार्यकाल पूरा नहीं किया था। यह 37 वर्षों बाद पहली बार हुआ है कि एक मुख्यमंत्री अपना कार्यकाल पूरा कर रहा है और किसी पार्टी की सरकार दूसरी बार रिपीट कर रही हो।
इससे पहले यह कार्य वर्ष 1985 में हुआ था। यह जनविश्वास का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ज ने कहा कि प्रदेश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में 14वें स्थान से दूसरे स्थान पर आ गया है। प्रदेश ने भी विगत 06 वर्षों में प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने में सफलता प्राप्त की है।
प्रदेश ने अपनी विकास गाथा को शानदार रूप से आगे बढ़ाने में सफलता प्राप्त की है। अपनी जी0डी0पी0 को दोगुना करने में सफलता प्राप्त की है।
उत्तर प्रदेश पहले देश की छठी बड़ी अर्थव्यवस्था था, अब नम्बर तीन अर्थव्यवस्था बन चुका है। अब यह कभी भी घोषणा की जा सकती है कि राज्य, देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश का निवेश मित्र पोर्टल सिंगल विंडो सिस्टम का देश का सबसे बड़ा पोर्टल है। इसके माध्यम से लगभग 450 क्लियरेंस ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती हैं। इसके लिए जवाब देही भी निर्धारित की जाती है।