भारत

आज से सजेगा कारोबार का ग्लोबल मंच, अमित शाह करेंगे उद्घाटन… 75 जिलों के उत्पादों की दिखेगी झलक

ग्रेटर नोएडा: इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार से पांच दिवसीय उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 का चौथा संस्करण शुरू होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सुबह 11 बजे ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश के उद्योगों और उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए आयोजित इस ट्रेड शो में इस बार पहली बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम साझेदार देशों के तौर पर शामिल हो रहे हैं।

75 जिलों के उत्पाद एक ही छत के नीचे

ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के उत्पादों को ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ थीम के तहत प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन में प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश-विदेश के बाजारों से जोड़ने पर जोर रहेगा।

एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी के मुताबिक, ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.5 लाख से अधिक बीटूबी खरीदारों एवं आगंतुकों और 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों के आने की उम्मीद है। वहीं 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की संभावना है। दूसरी ओर आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने करीब 88 देशों के 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी है।

पहली बार छह देश होंगे पार्टनर

इस बार ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पार्टनर कंट्री के तौर पर शामिल होंगे। इन देशों की भागीदारी से व्यापार साझेदारी, तकनीकी सहयोग, सोर्सिंग, निवेश और प्रदेश के उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने के अवसर बढ़ाने पर जोर है।

अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण हो चुके हैं। होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिए खरीदारों, आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स, प्रोक्योरमेंट प्रमुखों और व्यापारिक संस्थाओं को जोड़ा जा रहा है।

ODOP के साथ इस बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’

ट्रेड शो में वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP) के साथ इस साल वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन को भी विशेष पहचान दी जाएगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों की पारंपरिक पाक विधियों, स्थानीय व्यंजनों और खाद्य विरासत को देश-दुनिया के सामने पेश किया जाएगा।

दिन में कारोबार, शाम को आम लोगों की एंट्री

आयोजन स्थल पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजनेस विजिटर्स के लिए समय रहेगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक आम लोगों की फ्री एंट्री रहेगी।

ट्रेड शो में बीटूबी बैठक और सेक्टोरल नीति सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इनके जरिए निवेश और व्यावसायिक विस्तार की नई संभावनाओं पर चर्चा होगी।

550 CCTV और ड्रोन से निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजन स्थल को 9 जोन और 20 सेक्टर में बांटा गया है। पूरे परिसर की निगरानी के लिए 550 सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन लगाए गए हैं। गृह मंत्रालय की टीम ने गुरुवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कार्यक्रम के लिए हेलीकॉप्टर की लैंडिंग भी कराई गई।

सुरक्षा व्यवस्था में 7 डीसीपी, 14 एडीसीपी, 38 एसीपी, 80 इंस्पेक्टर, 300 उपनिरीक्षक, 40 महिला उपनिरीक्षक और 1500 कांस्टेबल तैनात रहेंगे। महिला सुरक्षा के लिए 150 महिला कांस्टेबल अलग से ड्यूटी पर रहेंगी। इसके अलावा पीएसी की सात कंपनियां और आरएएफ की एक कंपनी भी तैनात रहेगी।

ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 3 एसीपी ट्रैफिक, 10 ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 20 यातायात उपनिरीक्षक और 450 ट्रैफिक कांस्टेबल लगाए गए हैं।

उद्घाटन पर दिखेगी यूपी की सांस्कृतिक झलक

उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। शुक्रवार को बागपत की रश्मी आर्य शंख वादन और स्वस्ति वाचन करेंगी। इसके अलावा लखनऊ की लोक गायिका मालविका हरिओम, मथुरा की लोक नृत्य कलाकार सीमा मोरवाल, लखनऊ की आकांक्षा श्रीवास्तव कथक और मुंबई की आकांक्षा त्रिपाठी भजनों की प्रस्तुति देंगी।

यूपी के 96 लाख से अधिक MSME को मिलेगा ग्लोबल प्लेटफॉर्म

प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं। सरकार के मुताबिक, यूपीआईटीएस का उद्देश्य इन इकाइयों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के साथ निवेश, कारोबार के विस्तार और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देना है। ट्रेड शो के जरिए स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777