
लखनऊ के लोहिया संस्थान में जल्द शुरू होगा बोनमैरो ट्रांसप्लांट, ब्लड डिजीज से जूझ रहे बच्चो को भी मिलेगी सुविधा
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान के हिमैटोलॉजी विभाग में जल्द ही बोनमैरो ट्रांसप्लांट (अस्थि मज्जा प्रत्यारोपण) शुरू होगा। इसकी कवायद तेज कर दी गई है। खून की बीमारी से जूझ रहे बच्चों की स्क्रीनिंग भी शुरू कर दी गई है। लोहिया संस्थान में सेंटर फॉर ट्रांसप्लांट बनाया जा रहा है। इसमें किडनी, लिवर और बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा उपलब्ध है। अभी लोहिया में किडनी ट्रांसप्लांट हो रहा है।
दूसरे चरण में बोनमैरो ट्रांसप्लांट होगा। इसके लिए नियमित व संविदा पर डॉक्टर तैनात किए जा चुके हैं। ब्लड एंड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष व संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ. सुब्रत चन्द्रा ने बताया कि हीमोटोलॉजी विभाग में 224 बच्चे पंजीकृत हैं। 15 वर्ष आयु तक के बच्चों का इलाज हिमैटोलॉजी विभाग में चल रहा है।
स्क्रीनिंग में 80 बच्चे ट्रांसप्लांट के लिए फिट
डॉ. सुब्रत चन्द्रा ने बताया खून की बीमारी से ग्रस्त बच्चों को बीमारी से छुटकारा दिलाने के लिए बोन मैरो ट्रांसप्लांट किया जाना जरूरी है। इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिया है। अब तक 80 बच्चों की बोनमैरो ट्रांसप्लांट प्रोफाइल कराई जा चुकी है। इसमें जेनेटिक्स जांचें भी शामिल हैं। जांच में सभी 80 बच्चे बोनमैरो ट्रांसप्लांट के लिए फिट पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जरूरी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। जैसे ही सेंटर शुरू होगा, उसके तुरंत बाद बोनमैरो ट्रांसप्लांट चालू कर दिया जाएगा।