
मुख्य सचिव ने ग्राम पंचायत-सिरगामऊ में निर्मित सरवर गंगा सरोवर का लोकार्पण एवं अमृत वाटिका में वृक्षारोपण किया
लखनऊ: प्रदेश के मुख्य सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्र ने मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत-सिरगामऊ, विकास खण्ड-काकोरी में निर्मित सरवर गंगा सरोवर का लोकार्पण एवं अमृत वाटिका में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को पंच प्रण की शपथ दिलायी।
अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने 77वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें देते हुये कहा कि आज उन तमाम सारे वीरों और शहीदों को स्मरण करने और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन है, जिन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, ताकि हम लोग आजाद देश के नागरिक बन सकें। अंग्रेजों की हुकूमत में कई सारी पाबंदियां और अशिक्षा, बेरोजगारी सहित तमाम सारी कठिनाईयां थीं। उनके बलिदान के कारण ही आज हम वह सब कर सकते हैं, जो सोचते हैं।
उन्होंने कहा कि विगत 76 वर्षों में भारत ने बहुत कुछ विकास किया और हासिल किया है। पिछले 9 वर्षों में विकास की रफ्तार और तेज हो गई है। मा0 प्रधानमंत्री जी ने 15 अगस्त, 2022 को लाल किले के प्राचीर से आगामी 25 वर्षों में भारत को विकसित और आत्म निर्भर देश बनाने का संकल्प लिया है। 15 अगस्त, 2047 में जब हम आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनायेंगे तो हमारा देश विकसित देश होगा।
उन्होंने कहा कि विगत 9 वर्षों में देश में परिवर्तन की लहर आयी है। लोगों में विश्वास जगा है कि निश्चित रूप से आगामी 25 वर्षों के भीतर भारत विकसित देश बनेगा। भारत को आत्मनिर्भर व विकसित बनाने के लिये मा0 प्रधानमंत्री जी ने पंच प्रण का मंत्र लोगों को दिया, इसे हर नागरिक को आत्मसात करना चाहिये। भारत के 140 करोड़ नागरिकों की ऊर्जा भारत को विकसित बनाने के लिये लग जायेगी, तो पूरी सृष्टि और ईश्वर की शक्ति भी हमारे साथ होगी।