मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बैसाखी पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां गुरुद्वारा नाका हिण्डोला में खालसा सृजन दिवस पर प्रदेशवासियों को बैसाखी पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी के लिए बैसाखी का यह पावन पर्व खालसा पंथ की स्थापना दिवस के रूप में प्रेरणा और प्रकाश का स्रोत है।
आज ही के दिन सन् 1699 में गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज ने देश और धर्म की रक्षा के लिए शक्तिपुंज के रूप में खालसा पंथ की स्थापना की। गुरु महाराज की कृपा से खालसा पंथ दुनिया में धर्म की ध्वजा पताका को बिना रुके बिना डिगे व बिना झुके बड़े गौरव के साथ आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने गुरुद्वारा पहुंचकर सर्वप्रथम श्री गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश और धर्म की सुरक्षा खतरे में पड़ी तो गुरु गोबिन्द सिंह जी महाराज ने जाति, वर्ग के भेदभाव से परे एक ऐसी सामाजिक व्यवस्था की आवश्यकता का अनुभव किया जो संपूर्ण समाज को सुरक्षा व संरक्षण प्रदान कर सके।
तत्कालीन कुरीतियों का सामना करते हुए यह दुरुह कार्य संपन्न करना था। यही खालसा पंथ की स्थापना का आधार बना। खालसा पंथ का स्थापना दिवस संपूर्ण समाज के लिए अनुकरणीय बना।