शहर का चकेरी एयरपोर्ट पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नाम से जाना जाएगा। सोमवार को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्ताव पास किया गया। नगर निगम अब केंद्र और राज्य सरकार को कार्यकारिणी की कार्यवृत्त भेजेगा, स्वीकृति मिलने के बाद नामकरण होगा। वहीं, नानाराव में बने श्री श्याम महोत्सव पंडाल का अब एक दिन का ही किराया लगेगा। पंडाल में कार्यक्रम के पहले और बाद में सामान हटाने व लगाले के नाम पर लगने वाले शुल्क से आयोजकों को मुक्ति मिलेगी। साथ ही बैठक में गृहकर पर 10 फीसदी छूट सितंबर तक बढ़ाने और हर वार्ड में 4-4 सफाई कर्मी बढ़ाने पर भी फैसला लिया गया।
नगर निगम के समिति कक्ष में शुक्रवार को दोपहर 1 बजे से नई कार्यकारिणी के साथ महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बैठक शुरू हुई। सबसे पहले नानाराव पार्क फूलबाग स्थित श्री श्याम महोत्सव स्थल के संचालन और आवंटन के शुल्क निर्धारण का प्रस्ताव रखा गया। यहां धार्मिक, महापुरुषों की जयंती कार्यक्रम होते हैं। किसी भी तरह के व्यवसायिक, वैवाहिक कार्यक्रमों की अनुमति नहीं है। बैठक में कहा गया कि अभी 51 हजार रुपये में महोत्सव स्थल का आवंटन होता है। लेकिन, कार्यक्रम की तैयारी और सामान हटाने के लिए आयोजक एक दिन पहले और एक दिन बाद तक पार्क का उपयोग करता है।
ऐसी स्थिति में उसे दो दिनों का अतिरिक्त शुल्क देना पड़ जाता है। महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि कार्यकारिणी ने सामान हटाने और तैयारी के लिए निशुल्क सहमति दी है और प्रस्ताव पास कर दिया है। दूसरा प्रस्ताव जोन 5 के अधिशाषी अभियंता ने रखा। इसमें पार्षद कोटे के 20 लाख के 7 कार्यों के लिए कार्यकारिणी ने स्वीकृति दी। महापौर ने बताया कि यह कार्य हो चुके हैं, लेकिन कार्यकारिणी की सूची में कार्यों को सम्मिलित करना जरूरी था। तीसरा प्रस्ताव नगर आयुक्त द्वारा रखा गया। इसमें गृहकर में 10 फीसदी छूट दिए जाने पर चर्चा हुई। महापौर ने बताया कि कार्यकारिणी ने 30 सितंबर गृहकर में 10 फीसदी छूट देने पर मुहर लगाई है।
रैनबसेरा, बारातशाला का ठेका निरस्त, पार्कों की सूची तलब
महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि पार्क, रैन बसेरा, बारातशाला जो भी गोद दिए गए हैं नगर निगम सबको कब्जे में लेगा। जो ठेका दिया गया है वह सभी कैंसिल कर दिया गया है। 1200 पार्कों की सूची मांगी जा रही है। सभी को नगर निगम अपने नाम दर्ज कराएगा।
माता जी नगर निगम में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के सिर्फ दो पद
अतिरिक्त नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर को हटाने संबंधी चल रहे विवाद पर सोमवार को महापौर ने कार्यकारिणी की बैठक में सीएमओ हरिदत्त नेमी को बुलाया गया। महापौर ने पूछा कि सीएमओ साहब कानपुर नगर निगम में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के कितने पद हैं। सीएमओ ने बताया कि माता जी नगर निगम में नगर स्वास्थ्य अधिकारी के सिर्फ दो पद हैं। अतिरिक्त नगर स्वास्थ्य अधिकारी का कोई पद नहीं है। इसपर महापौर ने कहा कि शासन द्वारा जारी आदेश को लेकर पत्राचार किया जाएगा। नगर निगम में अभी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय कुमार संखवार, डॉ. अमित सिंह गौर, डॉ. चन्द्र शेखर और मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर्या हैं।
इनपर भी लगी मुहर
-वार्ड 25 में गोपाला टॉवर से प्रतिष्ठा गेस्ट हाउस तक 17.25 लाख से कार्य के प्रस्ताव पर मुहर
-सिद्धनाथ घाट में शवदाह गृह की देखभाल में कर्मचारी लगाया जाएगा
-परशुरामवाटिका का गेट लगा रहेगा
-110 वार्डों में 440 सफाई कर्मचारी रखे जाएंगे
नामकरण के यह प्रस्ताव भी पास
-दादानगर पुल का नाम विश्वकर्मा श्रम सेतु होगा
-वार्ड 25 में शास्त्री नगर ढाल पर बने चौराहे का नाम विश्वकर्मा चौक
-नया शिवली रोड को अब शोभन सरकार रोड से जाना जाएगा
-एक्सप्रेस रोड का नाम पूर्व सीएम स्व. राम प्रकाश गुप्ता के नाम होगा
-नवाबगंज गल्लामंडी चौराहे का नाम स्व. रमेश वर्मा के नाम
-वार्ड 62 में नई सोसाइटी का नाम अटल नगर होगा
-पनकी भाटिया तिराहे से स्टेशन मोड़ मार्ग का नाम अहिल्या बाई होल्कर मार्ग
-वार्ड 21 में मुहल्ले का नाम राम गोपाल शुक्ल के नाम
-इंद्रानगर-मकड़ीखेड़ा मार्ग का नाम स्व. योगेश दीक्षित मार्ग
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए
नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।