लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान ने अभूतपूर्व गति पकड़ ली है। महज एक योजना से शुरू हुई यह पहल अब एक हरित महायज्ञ में बदल चुकी है, जिसमें आमजन से लेकर संत समाज, सुरक्षाबल, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी और संस्थाएं तक जुट गई हैं। पर्यावरण संरक्षण का यह संकल्प अब जनभागीदारी का प्रतीक बन गया है।
वॉटर वुमेन के नाम से प्रसिद्ध शिप्रा पाठक ने 11 नदियों के किनारे 51 लाख पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अद्भुत कार्य किया है। बदायूं निवासी प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर शिप्रा पाठक ने बताया कि पंचतत्व संस्था की स्थापना कर एक करोड़ पौधरोपण का संकल्प लिया गया है। पर्यावरण प्रभारी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में कार्यरत मुकेश बाबू सिंह चौहान अपनी माता अनारा देवी शहीद संस्थान के माध्यम से पौधरोपण अभियान चला रहे हैं। वे लखनऊ में ‘खाकी वाले ट्री मैन’ के रूप में जाने जाते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रेरणा लेकर वे अब तक लगभग 4.70 लाख पौधे लगा चुके हैं। महाराष्ट्र की सुजाता सिंह भी यूपी आकर इस अभियान में योगदान दे रही हैं। महापुरुषों की जयंती, जन्मदिवस और त्योहारों पर पौधारोपण कर इस पहल को जनांदोलन का रूप दिया जा रहा है। मुकेश बाबू ने बताया कि सीआईएसएफ, इसरो, पीएसी, सीबीसीआईडी, विधि विज्ञान प्रयोगशाला, स्कूल-कॉलेज के कैंपस में पौधे रोपे जा रहे हैं।
आमजन इस अभियान में कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, इटावा सहित अनेक जिलों में निःशुल्क पौधे वितरित कर रोपे जा रहे हैं। मलिहाबाद में तैयार की गई विशेष नर्सरी के माध्यम से बच्चों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। स्कूली बच्चों के साथ मिलकर उनके हाथों से पौधे लगवाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें बचपन से ही पर्यावरण की जिम्मेदारी का बोध कराया जा सके।
प्रयागराज में बड़े हनुमान मंदिर, संगम तट के महंत पूज्य बलवीर गिरी जी महाराज के नेतृत्व में सप्तर्षि वाटिका में तुलसी, बेल, दूर्वा, चिचिड़ा, शमी जैसे धार्मिक और औषधीय महत्व वाले पौधे लगाए जा रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित सबसे कम उम्र के गंगा सेवक मानस चिरविजय का कहना है कि यह कार्य सिर्फ अभियान नहीं, एक आध्यात्मिक यज्ञ है। अयोध्या में रघुवंश संकल्प सेवा के प्रमुख स्वामी दिलीप दास त्यागी एक लाख से अधिक पौधे रोप चुके हैं।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए
नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।