लखनऊ में 3 ज्वैलर्स दुकानों के टूटे ताले, गहने लेकर फरार होते कैमरे में कैद हुए चोर
बंथरा और सरोजनीनगर में मंगलवार देर रात चोरों ने तीन ज्वैलर्स दुकानों को निशाना बनाया। तीन दुकानों के ताले तोड़े गए, लेकिन एक ही दुकान से चोर हजारों रुपये की चांदी के गहने चोरी करने में सफल रहे, जबकि दो अन्य दुकानों में चोरी का प्रयास असफल रहा। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर दुकानदारों में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। सीसीटीवी कैमरे में कैद चोरों की पहचान कराने का पुलिस प्रयास कर रही है।
बंथरा के रामचौरा गांव निवासी सर्राफ व्यवसायी कौशल कुमार रावत की बंथरा में कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास धर्मवीर ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। मंगलवार शाम करीब सात बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह आसपास के दुकानदारों ने उनकी दुकान का शटर टूटा देख उन्हें सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ है और अंदर से करीब 40 से 50 हजार रुपये कीमत का चांदी का सामान गायब है।




