
अयोध्या का दीपोत्सव रचेगा नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, 26 लाख से ज्यादा दीपक करेंगे रामनगरी को रोशन
अयोध्याः रामनगरी अयोध्या में एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पर्यटन विभाग द्वारा सरयू नदी के तट, राम की पैड़ी और अन्य घाटों पर दीपों की अनूठी श्रृंखला सजाकर एक मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। इस बार अयोध्या का दीपोत्सव अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए तैयार है।
पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही हैं। अयोध्या में 2017 से दीपोत्सव को भव्य और आध्यात्मिक रूप से मनाया जा रहा है। इस परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष सरयू तट पर सबसे विशाल दीप प्रज्वलन और भव्य आरती समारोह का आयोजन होगा। इस बार 26 लाख से अधिक दीपकों के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
अयोध्या की वैश्विक पहचान को मिलेगी मजबूती
मंत्री ने कहा कि दीपोत्सव न केवल अयोध्या के सांस्कृतिक गौरव को उजागर करता है, बल्कि इसे वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रसिद्धि दिलाएगा। उन्होंने बताया कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह दूसरा दीपोत्सव होगा, जिसे और भी भव्यता के साथ मनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। राम की पैड़ी और अन्य घाटों पर 26 लाख से ज्यादा दीपक जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया जाएगा।
इसके साथ ही सरयू तट पर अब तक की सबसे विशाल आरती का आयोजन होगा, जिसमें 1100 से अधिक संत-महात्मा, धर्माचार्य और स्थानीय लोग हिस्सा लेंगे। आयोजन से तीन दिन पहले तैयारियां शुरू हो जाएंगी, और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मानकों के अनुसार डिजाइन और समन्वय का कार्य किया जाएगा।
इनके कंधों पर होगी जिम्मेदारी
इस अवसर पर छात्र और स्वयंसेवक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वे दीपकों की सजावट, प्रज्वलन, गिनती और सत्यापन जैसे कार्यों को गिनीज मानकों के अनुसार पूरा करेंगे। पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन, अवध विश्वविद्यालय और अन्य संस्थाएं इस आयोजन के लिए लगातार समन्वय कर रही हैं।
पर्यटन और संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि दीपोत्सव हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। इस वर्ष अयोध्या में होने वाला दीपोत्सव पिछले वर्षों की तुलना में और भी भव्य होगा, और इसके लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।