
अटल जी ने देश के अनुरूप देश के विकास की कार्य योजनाएं बनायीं
उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर आज उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अटल जी एक संवदेनशील इंसान के रूप में जाने जाते हैं, जिन्हें हर व्यक्ति सम्मान देता है।
वह नीलकण्ठ बनकर देश की राजनीति में जगमगाते रहे और आज भी उनकी स्मृतियां हम सभी के जीवन में बनी हुई हैं। अटल जी का व्यक्तित्व नये राजनेताओं को संवेदनशील बनने, जनआकांक्षाओं की पूर्ति करने और मूल्यों व सिद्धान्तों के प्रति अटल रहकर परिश्रम के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री आज यहां अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेशन सेण्टर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की 5वीं पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने वहां श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण किया और आयोजित कवि सम्मेलन में काव्य पाठ भी सुना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का नाम के अनुरूप व्यक्तित्व था। भारत माता की आत्मा को झंकृत करने वाले एक जननेता के रूप में श्रद्धेय अटल जी का यशस्वी मार्गदर्शन देश को उस कालखण्ड में प्राप्त होता रहा, जब राजनीति संक्रमण काल से गुजर रही थी।
अटल जी ने राजनीतिक मतभेदों से उठकर विभिन्न परिस्थितियों में देश की एकजुटता के लिए कार्य किया। वर्ष 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के समय देश की एकता की बात सामने आयी तो तत्कालीन सरकार के साथ स्वर से स्वर मिलाकर भारत की एकता का संदेश दुनिया के मंचों पर दिया।
श्रद्धेय अटल जी ने लोकतंत्र को बचाने और आम नागरिकों की आवाज को बुलन्द करने का कार्य किया। विदेश मंत्री के रूप में संयुक्त राष्ट्र संघ में राजभाषा को प्रमुखता के साथ अपने भाषण का हिस्सा बनाया। यह कार्य पहली बार देशवासियों ने देखा।