खेल-खिलाड़ी

अरुंधति का धमाकेदार प्रदर्शन, चटकाए चार विकेट…भारत ने पहले महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में ऑस्ट्रेलिया को 133 रन पर समेटा

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

सिडनीः तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी (22 रन पर चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने रविवार को यहां पहले महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया को 133 रन पर समेट दिया। अरुंधति के अलावा रेणुका सिंह (14 रन पर दो विकेट) और श्री चरणी (14 रन पर दो विकेट) ने भी दो-दो विकेट चटकाए जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम 18 ओवर में ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने 2.2 ओवर में 22 रन बनाकर तेज शुरुआती की लेकिन बेथ मूनी (05) ने रेणुका की गेंद को हवा में लहराकर कवर्स में स्मृति मंधाना को कैच थमा दिया।

दूसरी सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल (10 गेंद में 18 रन) भी इसके बाद क्रांति गौड़ (39 रन पर एक विकेट) की बाहर की ओर जाती गेंद को कट करने की कोशिश में विकेटकीपर ऋचा घोष को कैच दे बैठीं। एलिस पैरी (11 गेंद में 20 रन) और फोएबे लिचफील्ड (19 गेंद में 26 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 41 रन की तेज साझेदारी करके पारी को संभाला। हालांकि जब यह जोड़ी भारत के लिए खतरा बनने लगी तब कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अरुंधति की गेंद पर पीछे दौड़कर गोता लगाते हुए पैरी का शानदार कैच पकड़ा।

दीप्ति शर्मा (19 रन पर एक विकेट) ने एशले गार्डनर (04) को पवेलियन भेजा जबकि अरुंधति ने लिचफील्ड को ऋचा के हाथों कैच कराके 10वें ओवर की शुरुआत में मेजबान ऑस्ट्रेलिया का स्कोर पांच विकेट पर 80 रन कर दिया। जॉर्जिया वेयरहैम (19 गेंद पर 30) और निकोला कैरी (12) ने छठे विकेट के लिए 41 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। अरुंधति ने 14वें ओवर में जॉर्जिया को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा जबकि श्री चरणी ने अगले ओवर में निकोला की पारी का अंत किया। अरुंधति ने डार्सी ब्राउन (01) को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया की पारी का अंत किया। मेजबान टीम ने अपने अंतिम पांच विकेट सिर्फ 12 रन पर गंवाए। ऑस्ट्रेलिया एक नए युग की शुरुआत कर रहा है क्योंकि जनवरी में टी20 टीम की कप्तान बनने के बाद सोफी मोलिनी टीम की कमान संभाल रही हैं।

राज्‍यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button